जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

DDU GRP ने 80 मोबाइल फोन किये बरामद, मालिकों को किया गया सुपुर्द

पिछले एक से तीन महीनों के दौरान यात्रियों के मोबाइल चोरी हो गए थे या कहीं गिर गए थे। जीआरपी पुलिस ने लगातार प्रयास कर इनकी खोजबीन की और मोबाइल रिकवर किए।
 

DDU जंक्शन  पर GRP की बड़ी कार्रवाई

80 मोबाइल फोन की बरामदगी

यात्रियों को लौटाए 15 लाख के फोन

गायब मोबाइल फोन पाकर यात्रियों के चेहरे पर लौटी मुस्कान

चंदौली जिले के डीडीयू जंक्शन जीआरपी थाने में सोमवार का दिन यात्रियों के लिए यादगार रहा। जीआरपी पुलिस ने विभिन्न ट्रेनों और जंक्शन परिसर से चोरी व गुम हुए 80 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। जिन यात्रियों को अपने खोए हुए फोन वापस मिले, उनके चेहरे पर खुशी और संतोष साफ झलक रहा था।

यात्रियों की लौटी उम्मीद

आपको बता दें कि पिछले एक से तीन महीनों के दौरान यात्रियों के मोबाइल चोरी हो गए थे या कहीं गिर गए थे। जीआरपी पुलिस ने लगातार प्रयास कर इनकी खोजबीन की और मोबाइल रिकवर किए। जब यात्रियों को थाने पर बुलाकर उनके फोन सौंपे गए तो कई लोगों की आंखों में खुशी के आंसू थे। उन्होंने कहा कि अब विश्वास और मजबूत हुआ है कि डीडीयू जंक्शन या ट्रेनों में खोया हुआ फोन वापस मिल सकता है।

missing mobile

15 लाख की बरामदगी

बताते चलें कि बरामद किए गए 80 मोबाइलों की अनुमानित कीमत लगभग 15 लाख रुपये बताई जा रही है। जीआरपी पुलिस ने बताया कि यह काम आसान नहीं था, लेकिन सर्विलांस और तकनीकी टीम की मदद से यह बड़ी सफलता हासिल हुई।

जीआरपी का सराहनीय कदम

इस संबंध में जीआरपी प्रभारी एस.के. सिंह ने बताया कि बरामद फोन यात्रियों को सौंपना पुलिस की प्राथमिकता रही है। यह कार्रवाई न केवल यात्रियों का विश्वास बढ़ाएगी बल्कि अपराधियों के मन में भी पुलिस की सख्ती का संदेश देगी।

टीम का योगदान

मोबाइल बरामदगी की इस टीम में उपनिरीक्षक स्वतंत्र सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज कुमार यादव, कांस्टेबल राहुल यादव, कांस्टेबल सुदर्शन यादव और कांस्टेबल गोपेश पांडेय शामिल रहे।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*