जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

जानिए नौगढ़ में महिलाओं ने क्यों घेरा ब्लॉक, भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी

फर्जी जॉब कार्ड  के जरिए  प्रधान ने पैसा निकाल लिया है। जबकि उन्होंने गांव के  तालाब, चकरोड, खेत समथलीकरण में काम किया है। अभी तक मजदूरी नहीं दी गई है।
 

बरबसपुर गांव का मामला

लेबरों के दस्तखत बनाते हैं प्रधान के प्रतिनिधि

मनरेगा मजदूरी न मिलने से नाराज़ हैं महिलाएं

चन्दौली जिले के तहसील नौगढ़ में मनरेगा मजदूरी न मिलने से नाराज़ महिला संग  मजदूरों ने शुक्रवार को मुख्य गेट को बंद करके  ब्लॉक का घेराव कर प्रदर्शन किया। आक्रोशित महिलाओं का आरोप था कि  ग्राम प्रधान अपने परिवार के सदस्यों के नाम हाजिरी भर रहे हैं। अधिकारी मनरेगा  मजदूरों की  मजदूरी दिलाने मे रुचि नहीं ले रहे हैं। कमीशन खोरी के कारण कार्यों की मानिटरिंग भी नहीं हो रही है।

विकास खंड नौगढ़  के ग्राम पंचायत बरबसपुर से आई महिलाओं में अनवरी, आयशा, बाबी, हसीना, अपसरी, मोमिना, हसीना, शाहजहाँ, बदरु, सिराजुद्दिन व अन्य  मजदूरों ने आरोप लगाया कि मनरेगा की मजदूरी एक साल से बकाया है। फर्जी जॉब कार्ड  के जरिए  प्रधान ने पैसा निकाल लिया है। जबकि उन्होंने गांव के  तालाब, चकरोड, खेत समथलीकरण में काम किया है। अभी तक मजदूरी नहीं दी गई है। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद मौके पर पहुंचे ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि सुजीत  उर्फ सुड्डु सिंह ने मामले की जांच कराने को कहा।

पंचायत सदस्य  सिराजुद्दीन ने  आरोप लगाते हुए खंड विकास अधिकारी को बताया  कि प्रधान प्रतिनिधि जमीर अहमद के द्वारा मस्टरोल पर लेबरों के  फर्जी दस्तखत कर उनके बैंक खातों से सरकारी धन का आहरण किया गया है।  इसके चलते मजदूरों को मजदूरी नहीं मिल पा रही है।

इस मामले में खंड विकास अधिकारी सुदामा यादव बोले कि मामले की जांच कराने हेतु पंचायत सचिव तथा गांव के रोजगार सेवक को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया गया है। आरोप सही निकला तो कठोर की जाएगी।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*