ड्यूटी के दौरान अग्निशमन हवलदार अरविंद दुबे का हुआ निधन, सम्मान के साथ अंतिम विदाई
गाजीपुर में तैनात हवलदार की मौत
ड्यूटी के दौरान बिगड़ गयी थी तबीयत
नरौली गंगा घाट पर किया गया अंतिम संस्कार
चंदौली जिले के धानापुर कस्बा निवासी अग्निशमन विभाग के हवलदार अरविंद दुबे का बीती रात ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। 57 वर्षीय अरविंद दुबे सैदाबाद जमानिया, गाजीपुर में तैनात थे। बुधवार रात ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। साथी जवानों और परिजनों ने उन्हें तुरंत बीएचयू अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन रास्ते में ही उनका निधन हो गया।
उनके शव को वाराणसी से लाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। शुक्रवार को नरौली गंगा घाट पर अरविंद दुबे का अंतिम संस्कार पूरे सम्मान के साथ किया गया। इस दौरान साथी जवानों ने गमगीन माहौल में अपने मित्र को सशस्त्र सलामी दी।
अरविंद दुबे अपने पीछे पत्नी, दो बेटे, दो बेटियां और माता-पिता सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मृत्यु की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। क्षेत्रीय लोगों और साथियों की भारी भीड़ ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*