जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने बाइक को मारी टक्कर, दो चचेरे भाइयों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव के पास मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो चचेरे भाइयों को रौंद दिया। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 
 

बलुआ थाना क्षेत्र के गुरेरा गांव के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा

चहनियां बाजार से तिरपाल खरीदकर घर लौट रहे थे दोनों चचेरे भाई

मिट्टी लदे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में मारी जोरदार टक्कर

हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों का हंगामा, फरार चालक की तलाश शुरू

चंदौली जिले  के बलुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गुरेरा गांव के समीप शनिवार शाम को एक हृदयविदारक सड़क हादसा सामने आया है। एक तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने मोटरसाइकिल सवार दो चचेरे भाइयों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण भिड़ंत में दोनों भाइयों की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद घटना स्थल पर चीख-पुकार मच गई और आरोपी चालक अपना ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

तिरपाल खरीदकर घर लौट रहे थे भाई
मिली जानकारी के मुताबिक, फूलपुर गांव के रहने वाले 48 वर्षीय श्रीराम राम अपने चचेरे भाई किशन कुमार के साथ चहनियां बाजार गए हुए थे। दोनों भाई बाजार से तिरपाल खरीदकर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहे थे। वे जैसे ही गुरेरा गांव के पास हाईवे पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार मिट्टी लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।

ग्रामीणों ने किया हंगामा, पुलिस ने संभाली स्थिति
इस भयावह दुर्घटना की खबर मिलते ही आस-पास के ग्रामीण और राहगीर बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। दोनों भाइयों की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर हंगामा करना शुरू कर दिया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों द्वारा सूचना दिए जाने के बाद बलुआ थाना प्रभारी अरुण प्रताप सिंह तत्काल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उग्र ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया और कानून व्यवस्था बहाल की।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे, चालक की तलाश जारी
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। इसके साथ ही दुर्घटना का कारण बने ट्रैक्टर को जब्त कर थाने ले आया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है। उधर, इस दर्दनाक घटना की जानकारी जैसे ही मृतकों के परिवार में पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*