जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला पंचायत व ब्लॉक प्रमुखों से किया संवाद, आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के लिए योजना पर जोर

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जनपद से भेजे गए सुझावों में से तीन श्रेष्ठ सुझाव देने वालों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा।
 

मुख्यमंत्री ने किया जिला पंचायत अध्यक्षों व ब्लॉक प्रमुखों के साथ संवाद

उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए दिए मार्गदर्शन

ग्राम पंचायतों से शुरू होगी विकसित भारत की नींव

चंदौली जिले में विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश @2047 के तहत मा० मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख तथा क्षेत्र पंचायत सदस्यों के साथ संवाद किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों के विकास हेतु सदस्यों से उनके सुझाव प्राप्त करना और उन्हें आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश की दिशा में मार्गदर्शन प्रदान करना था।

आपको बता दें कि मा० मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि ग्राम पंचायतों से लेकर क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत तक का विकास ही विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने का आधार है। उन्होंने सभी अधिकारियों और ग्राम प्रधानों को बधाई देते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों को स्वच्छ रखते हुए और बेहतर कार्य करते हुए विकास की दिशा में योगदान दें। मुख्यमंत्री ने जोर देते हुए कहा कि ग्राम पंचायतों का विकास किए बिना प्रदेश और देश का समग्र विकास संभव नहीं है। इसलिए प्रत्येक ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करना अनिवार्य है।

इस अवसर पर मा० मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विकसित भारत के निर्माण में भागीदारी हेतु QR कोड स्कैन करने या https://samarthuttarpradesh.up.gov.in पर अपने सुझाव देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि एवं संबद्ध क्षेत्र, पशुधन संरक्षण, औद्योगिक विकास, आईटी एवं इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, पर्यटन, नगर एवं ग्राम्य विकास, अवस्थापना, संतुलित विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा सुरक्षा एवं सुशासन सहित कुल 12 सेक्टरों में सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि जनपद से भेजे गए सुझावों में से तीन श्रेष्ठ सुझाव देने वालों को जनपद स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे सक्रिय रूप से अपने सुझाव भेजें और प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में योगदान दें। उन्होंने कहा कि अब तक उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 12 लाख से अधिक सुझाव प्राप्त हो चुके हैं और इसी प्रकार आगे भी सभी लोगों को अपने अमूल्य सुझाव भेजने चाहिए।

कार्यक्रम में सभी जिला पंचायत अध्यक्ष जिला पंचायत सभागार से, ब्लॉक प्रमुख और क्षेत्र पंचायत सदस्य अपने-अपने ब्लॉक सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े। इस दौरान मा० मुख्यमंत्री ने सभी को मार्गदर्शन देते हुए उनके योगदान की सराहना की और प्रत्येक स्तर पर विकास की प्रक्रिया को तेज करने का आग्रह किया।

इस संवाद कार्यक्रम ने प्रदेश के नेतृत्व और स्थानीय प्रशासन के बीच सीधे संवाद का एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया। प्रदेशवासियों के सक्रिय सहयोग से आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश के निर्माण की दिशा में एक ठोस कदम और बढ़ा है, जिससे न केवल जनपद बल्कि पूरे प्रदेश में विकास की गति और व्यापक होगी।

Tags

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*