जिले का पहला ऑनलाइन न्यूज़ पोर्टलMovie prime

केंद्रीय मंत्री ने चंदौली जिले में देखा रामनगर का पराग डेयरी प्लांट, लोकल किसानों से भी की बात

चंदौली जिले में केंद्रीय पंचायती राज और मत्स्य पालन, डेयरी एवं पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पराग डेयरी का निरीक्षण किया। 
 

निरीक्षण में केंद्रीय मंत्री के साथ नेशनल डेयरी बोर्ड के अधिकारी रहे मौजूद

डेयरी के कार्यों के बारे में विस्तार से ली जानकारी

 किसानों ने पराग डेरी से जुड़ने के अपने अनुभव बांटे

चंदौली जिले में केंद्रीय पंचायती राज और मत्स्य पालन, डेयरी एवं पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ लल्लन सिंह ने चंदौली के रामनगर औद्योगिक क्षेत्र में स्थित पराग डेयरी का निरीक्षण किया। निरीक्षण में केंद्रीय मंत्री ने पराग डेरी प्लांट और बायोगैस संयंत्र के बारे में नेशनल डेयरी बोर्ड के अधिकारियों से जानकारी ली और यहां चल रहे कार्यों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होने यहां पर आस-पास से आये किसानों से संवाद भी किया।

संवाद में किसानों ने पराग डेयरी से जुड़ने से हुई आमदनी के बारे में अपने अनुभवों को साझा किया। केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में डेयरी उद्योग के सुनहरे भविष्य के बारे में बताते हुए कहा कि इस उद्योग से जुड़ने के बाद किसानों की आमदनी में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। अब किसान सहकारी समितियों के माध्यम से सीधे प्लांट पर अपना दूध भेज रहा है, जिससे उनके दुग्ध का उचित मूल्य ससमय मिल जा रहा है। इससे किसानों को दूधियों के शोषण से मुक्ति मिलने के साथ ही उनके उत्पाद का वास्तविक मूल्य भी अब आसानी से मिलने लगा है। उन्होंने बताया कि डेरी उद्योग को बढ़ावा देने के लिए केंद्र सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।
    
 कार्यक्रम में आस पास केआये 50 दुग्ध समितियों के किसान, राष्ट्रीय डेयरी बोर्ड(एनडीडीबी) के कार्यपालक निदेशक (तकनीकी) एस राजीव के साथ ही पराग डेरी के प्रबंध निदेशक, अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

चंदौली जिले की खबरों को सबसे पहले पढ़ने और जानने के लिए चंदौली समाचार के टेलीग्राम से जुड़े।*