ई-रिक्शा पलटने से 2 छात्राएं और ड्राइवर हुआ घायल, अस्पताल में भर्ती
लेवा–इलिया मार्ग पर एक्सीडेंट
बकरी को बचाने के चक्कर में पलटा ई-रिक्शा
दो छात्राएं और चालक घायल
चंदौली जिले के शहाबगंज थाना क्षेत्र के लेवा–इलिया मार्ग पर शुक्रवार दोपहर सोवंथा मौजा के पास एक बड़ा हादसा हो गया, जब बकरी को बचाने की कोशिश में एक ई-रिक्शा (टोटो) पलट गया। इस दुर्घटना में ई-रिक्शा में सवार दो छात्राएं और चालक घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, चकिया स्थित सावित्रीबाई फुले राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय से पढ़ाई कर वापस लौट रही बड़ौरा गांव की श्वेता (20 वर्ष) और सेमरा गांव की खुशी (20 वर्ष) टोटो में सवार थीं। सोवंथा मौजा के पास अचानक सड़क पर एक बकरी आ गई। लठौरा निवासी टोटो चालक अनुज (19 वर्ष) ने बकरी को बचाने के लिए तेज़ी से वाहन मोड़ा, जिससे वह असंतुलित होकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र (पीएचसी) शहाबगंज पहुँचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद छात्राओं की हालत सामान्य बताई। सूचना मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुँचे और इलाज के बाद उन्हें घर ले गए।
ग्रामीणों ने इस मार्ग पर मवेशियों के विचरण को नियंत्रित करने और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन से मांग की है।