शहाबगंज के 34 आंगनबाड़ी केंद्र बने स्मार्ट, अब एलईडी से सीखेंगे सेंटर के बच्चे
शहाबगंज के 34 आंगनबाड़ी केंद्र बने स्मार्ट
अब बच्चों की पढ़ाई होगी एलईडी से
किताबों के साथ दिखेंगे चित्र और वीडियो
नौनिहालों की पढ़ाई बनेगी और रोचक
चंदौली जिले के इलिया में ग्रामीण अंचल के बच्चों के लिए शिक्षा का नया अध्याय शुरू हो गया है। शहाबगंज ब्लाक के 34 आंगनबाड़ी केंद्रों को अब स्मार्ट क्लास में तब्दील कर दिया गया है। इन केंद्रों पर बच्चों की पढ़ाई किताबों के साथ-साथ एलईडी स्क्रीन, चित्रों, कहानियों और वीडियो के जरिए होगी।
बच्चों में उत्साह की लहर
आपको बता दें कि गांवों के आंगनबाड़ी केंद्रों पर स्मार्ट एलईडी लगने की सूचना मिलते ही बच्चों का उत्साह देखते ही बनता है। अब उन्हें सिर्फ किताबें ही नहीं, बल्कि रंगीन तस्वीरें और रोचक कहानियां भी दिखेंगी। इससे उनकी रुचि बढ़ेगी और पढ़ाई मजेदार बन जाएगी।
इन गांवों में लगी स्मार्ट एलईडी
स्मार्ट क्लास की सुविधा जिन आंगनबाड़ी केंद्रों पर शुरू की गई है उनमें शाहपुर, सरैया, मुबारकपुर, बनभीषमपुर, कौड़ीहार, रामशाला, ढोढनपुर, तियरी मनकपड़ा, पालपुर, लेहराखास, मालदह, हाटा, रोहाखी, बनरसिया, इमलिया, परिया, सीहर, रसिया, एकौना समेत कुल 34 केंद्र शामिल हैं।
ग्रामीणों ने किया स्वागत
ग्रामीणों का कहना है कि पहले आंगनबाड़ी केंद्र भोजन और वजन नापने तक ही सीमित दिखाई देते थे। लेकिन अब बच्चों को शिक्षा की नई तकनीक से जोड़ने का मौका मिलेगा। इससे उनकी उपस्थिति भी बेहतर होने की उम्मीद है।
क्या कहते हैं अधिकारी?
सीडीपीओ शहाबगंज आनंद सिंह ने बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को स्मार्ट बनाने का उद्देश्य बच्चों को नई तकनीक से जोड़ना है। एलईडी के माध्यम से पढ़ाई करने पर बच्चों में रुचि भी बढ़ेगी और सीखने की प्रक्रिया आसान होगी। आने वाले समय में अन्य आंगनबाड़ी केंद्रों को भी इस सुविधा से जोड़ा जाएगा।