चकिया कोतवाली का हाल जानने अचानक आ गए ADG पीयूष मोर्डिया, पुलिस महकमे में मचा हड़कंप
वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने सोमवार को चकिया कोतवाली का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं को परखा। अभिलेखों की जांच के साथ उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण और पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक अपनाने के सख्त निर्देश दिए।
एडीजी वाराणसी जोन का औचक निरीक्षण
लंबित विवेचनाओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
सीसीटीएनएस (CCTNS) और शस्त्रागार की जांच
पुलिस बैरकों में साफ-सफाई का जायजा
फरियादियों की शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई
चंदौली जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने चकिया कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। एडीजी के अचानक पहुंचने से पुलिस महकमे में हलचल मच गई और अधिकारी मुस्तैद नजर आए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कोतवाली परिसर की विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
लंबित मामलों पर कसी नकेल
निरीक्षण के दौरान एडीजी ने सबसे पहले कार्यालय अभिलेखों की सघन जांच की। उन्होंने अपराध पंजिका, लंबित विवेचनाओं, महिला संबंधी मामलों, गुंडा एक्ट और गैंगस्टर एक्ट से संबंधित महत्वपूर्ण रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। एडीजी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए और कोतवाली पहुंचने वाले फरियादियों की शिकायतों पर बिना किसी देरी के त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण
एडीजी ने सीसीटीएनएस (CCTNS) कक्ष का भी निरीक्षण किया। यहाँ उन्होंने ऑनलाइन अभिलेखों की स्थिति, अपराध डाटा फीडिंग और तकनीकी कार्यों की जानकारी ली। एडीजी पीयूष मोर्डिया ने जोर देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक का बेहतर उपयोग कर अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों की निगरानी को और प्रभावी बनाया जाए। उन्होंने पुलिस कर्मियों को साइबर अपराधों के प्रति विशेष सतर्क रहने और आम जनता को इसके प्रति जागरूक करने की नसीहत दी।
शस्त्रागार और पुलिस सुविधाओं दी जांच पड़ताल
कोतवाली के शस्त्रागार के निरीक्षण के दौरान एडीजी ने हथियारों के रखरखाव, साफ-सफाई और संबंधित अभिलेखों का परीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शस्त्र पूरी तरह सुरक्षित एवं क्रियाशील अवस्था में रखे जाएं। इसके साथ ही उन्होंने पुलिस बैरक और आवासीय परिसर का भी जायजा लिया। बैरकों की साफ-सफाई, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की जानकारी लेते हुए उन्होंने आवश्यक सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता है, ताकि वे बेहतर मानसिक स्थिति के साथ अपनी ड्यूटी निभा सकें।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी रघुराज, थाना प्रभारी अर्जुन सिंह सहित भारी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। निरीक्षण के समय पूरे कोतवाली परिसर में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद नजर आई।