शहाबगंज के अमांव गांव में सरकारी लापरवाही:  मंदिर जाने वाले रास्ते पर बह रहा नाबदान का पानी, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा

 

चंदौली के अमांव गांव में क्षेत्र पंचायत की लापरवाही से सीवर और सीसी रोड का काम अधूरा पड़ा है। सड़क पर भरे गंदे पानी के बीच ग्रामीणों ने उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया और प्रशासन को बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।

 
 

अमांव गांव में अधूरा सीवर निर्माण बना मुसीबत

मुख्य मार्ग और मंदिर के रास्ते पर जलभराव

गंदे पानी में उतरकर ग्रामीणों का जोरदार प्रदर्शन

संक्रामक बीमारियों और फिसलन का बढ़ा खतरा

प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर समाधान की मांग।

चंदौली जनपद के शहाबगंज विकास खंड अंतर्गत अमांव गांव में विकास के नाम पर बिछाई गई सीवर लाइन और सीसी रोड अब ग्रामीणों के लिए बड़ी मुसीबत बन गई है। क्षेत्र पंचायत द्वारा शुरू किया गया यह निर्माण कार्य महीनों से अधूरा पड़ा है। कार्य पूर्ण न होने के कारण गांव के नाबदान का गंदा पानी अब नालियों के बजाय सीधे मुख्य सड़क पर बह रहा है। इस अव्यवस्था ने पूरे गांव को गंदगी और असहनीय दुर्गंध के आगोश में ले लिया है, जिससे स्थानीय निवासियों का जीना मुहाल हो गया है।

मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं में भारी रोष
हैरानी की बात यह है कि जिस मार्ग पर जलभराव हो रहा है, वह गांव का मुख्य रास्ता होने के साथ-साथ प्रसिद्ध काली माता मंदिर और दुर्गा मंदिर जाने का इकलौता मार्ग है। रोजाना सैकड़ों श्रद्धालु, विशेषकर महिलाएं और बुजुर्ग, इसी गंदे पानी से होकर गुजरने को मजबूर हैं। श्रद्धालुओं का कहना है कि पवित्र स्थान पर जाने के लिए उन्हें दूषित जल से होकर जाना पड़ता है, जिससे उनकी धार्मिक आस्था को ठेस पहुंच रही है।

बीमारियों और हादसों का बढ़ता ग्राफ
सड़क पर लगातार पानी बहने के कारण वहां काई जम गई है और फिसलन बढ़ गई है। ग्रामीणों के अनुसार, कई बार बच्चे और बुजुर्ग इस फिसलन वाली सड़क पर गिरकर चोटिल हो चुके हैं। इसके अलावा, जमा हुए गंदे पानी के कारण मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा पैदा हो गया है। विभाग की इस सुस्ती ने गांव के स्वास्थ्य ढांचे पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं।

प्रशासन के खिलाफ ग्रामीणों का हल्लाबोल
समस्या के समाधान न होने से नाराज विशाल पाठक, बबलू यादव, दीपक चौहान और अन्य ग्रामीणों ने बुधवार को जलभराव के बीच ही खड़े होकर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने प्रशासन और क्षेत्र पंचायत के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विशाल पाठक ने बताया कि कई बार मौखिक और लिखित शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं, खंड विकास अधिकारी (BDO) दिनेश सिंह ने कहा कि "यदि ग्रामीणों से औपचारिक शिकायती पत्र मिलता है, तो मामले की तत्काल जांच कराकर उचित कार्रवाई की जाएगी।" ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क और सीवर का काम पूरा नहीं हुआ, तो वे तहसील मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेंगे।