चकिया-मुगलसराय मार्ग पर डंपर और टेंपो में भीषण भिड़ंत: पिकनिक से लौट रहे युवक की मौत, 3 घायल
चकिया-मुगलसराय मार्ग पर भीषण सड़क हादसा
सीएनजी टेंपो और डंपर की आमने-सामने टक्कर
गंजख्वाजा गांव के राहुल की दर्दनाक मौत
गंभीर घायल सूरज वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर
डंपर चालक को पुलिस ने लिया हिरासत में
चंदौली जिले के बबुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत चकिया-मुगलसराय मार्ग पर मंगलवार की देर शाम एक बेहद दुखद सड़क हादसा हो गया। बिठ्ठवल कलां गांव के पास तेज रफ्तार सीएनजी टेंपो और डंपर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस भीषण दुर्घटना में टेंपो में सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने राहुल को मृत घोषित किया
जिला संयुक्त चिकित्सालय पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद 28 वर्षीय राहुल को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे में गंभीर रूप से घायल 47 वर्षीय सूरज की नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक इलाज के बाद डॉक्टरों ने उन्हें ट्रामा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। दुर्घटना में घायल अन्य दो लोगों का इलाज जिला संयुक्त चिकित्सालय में ही डॉक्टरों की देखरेख में चल रहा है।
पिकनिक मनाकर खुशी-खुशी घर लौट रहे थे ग्रामीण
मिली जानकारी के अनुसार, अलीनगर थाना क्षेत्र के गंजख्वाजा गांव के ग्राम प्रधान पवन कुमार के साथ गांव के ही कुछ लोग पिकनिक मनाने गए हुए थे। दिनभर पिकनिक मनाने के बाद देर शाम सभी लोग सीएनजी टेंपो में सवार होकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान बिठ्ठवल कलां गांव के पास सामने से आ रहे डंपर ने टेंपो को तेज टक्कर मार दी, जिससे चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने डंपर और चालक को लिया हिरासत में
हादसे के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंचे और टेंपो में फंसे घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। चकिया कोतवाली पुलिस के सहयोग से हादसे में शामिल डंपर और उसके चालक को पकड़ लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गांव में पसरा मातम, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
पिकनिक मनाकर खुशी-खुशी घर लौट रहे युवकों के साथ हुए इस दर्दनाक हादसे की खबर जैसे ही गंजख्वाजा गांव पहुंची, वहां मातम छा गया। मृतक राहुल के परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।