बड़गांवा में कल सजेगी अदब की शाही महफिल, 'ऑल इंडिया मुशायरा' में जुटेंगे देशभर के दिग्गज शायर
चंदौली जिले के शहाबगंज ब्लॉक स्थित बड़गांवा में कल (23 मार्च, सोमवार) रात 8 बजे से भव्य 'ऑल इंडिया मुशायरा व कवि सम्मेलन' का आयोजन होगा। कौमी एकजुटता फाउंडेशन के इस कार्यक्रम में देशभर के मशहूर शायर शिरकत करेंगे।
शहाबगंज के बड़गांवा में ऑल इंडिया मुशायरा
'एक शाम अलहाज हाजी अबू बकर सिद्दीकी साहब के नाम'
कौमी एकजुटता फाउंडेशन के बैनर तले भव्य आयोजन
देशभर के डेढ़ दर्जन से अधिक नामचीन शायर करेंगे शिरकत
महिला शायराओं की मौजूदगी से महफिल में आएगी नई रौनक
चंदौली जनपद के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत आने वाली बड़गांवा की सरजमीं कल, 23 मार्च (सोमवार) की रात अदब, शायरी और गंगा-जमुनी तहजीब की खुशबू से महक उठेगी। क्षेत्र में “एक शाम अलहाज हाजी अबू बकर सिद्दीकी साहब के नाम” समर्पित एक भव्य ऑल इंडिया मुशायरा व कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। रात 8 बजे से शुरू होने वाले इस शानदार अदबी कार्यक्रम को लेकर स्थानीय जनमानस और साहित्य प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह और उमंग देखने को मिल रहा है।
एहतेमाम कौमी एकजुटता फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित इस शानदार कार्यक्रम में देशभर के करीब डेढ़ दर्जन नामचीन शायर और कवि अपनी आवाज़ और अल्फाज़ का जादू बिखेरेंगे। अस्माए गिरामी शुअराए किराम के तहत मंच पर अजम शाकिर, खुर्शीद हैदर, सलमान जफर, दमदार बनारसी, सुहैल उस्मानी, जाम-जाम रामनगरी, शादाब आजमी, शमशाद नेवादवी, गुफरान चुलबुल, सुरेश अकेला, शारिक फूलपूरी, शबा बलरामपुरी, रूबिना अयात और रौशन हबीब जैसे दिग्गज शायर अपनी ग़ज़लों, नज़्मों और कविताओं से श्रोताओं को रातभर बांधे रखेंगे
इस अदबी महफिल की खास बात महिला शायराओं की प्रभावशाली मौजूदगी भी रहेगी, जिनकी पेशकशें कार्यक्रम में नई रौनक और नज़ाकत भर देंगी आयोजन समिति के अनुसार यह आयोजन न केवल साहित्यिक परंपरा को सशक्त करने का प्रयास है, बल्कि आपसी भाईचारे, प्रेम और सांस्कृतिक समरसता का सजीव संदेश भी देगा आयोजक अब्दुल कय्यूम खां ‘कम्मू’ ने क्षेत्र के सभी साहित्य प्रेमियों, युवाओं और गणमान्य लोगों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस ऐतिहासिक मुशायरे का हिस्सा बनें और अदब की इस शानदार शाम को यादगार बनाएं