जानलेवा है ऐसी बाइक स्पीड, देख लीजिए चकिया इलाके का एक एक्सीडेंट
चकिया कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसा
लालपुर के पास अनियंत्रित बाइक दिवाल से टकराई
दो युवक गंभीर रूप से घायल, ट्रॉमा सेंटर रेफर
चंदौली जिला के चकिया कोतवाली क्षेत्र के लालपुर गांव के समीप मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक दिवाल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने दोनों युवकों को ट्रॉमा सेंटर वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
लोगों ने बताया कि घायलों की पहचान चकिया नगर के इन्द्रा नगर वार्ड नंबर 01 निवासी मज्जन और आशीष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक नई मोटरसाइकिल चलाना सीख रहे थे। इसी दौरान गति नियंत्रण न हो पाने के कारण बाइक सड़क किनारे स्थित दिवाल से जा भिड़ी, जिससे दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को जिला संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रोड पर वाहन सीखते समय कई युवा अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं, इसलिए सुरक्षा को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए घटना की जांच शुरू कर दी है।