किसान मोर्चा अध्यक्ष इंद्रमणि दूबे के परिवार से मिले भाजपा नेता, 2 लाख की मदद कर राष्ट्रीय अध्यक्ष से फोन पर करायी बात

चंदौली में सड़क दुर्घटना में दिवंगत भाजपा किसान मोर्चा मंडल अध्यक्ष इंद्रमणि दूबे के घर वरिष्ठ नेता पहुंचे। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने फोन पर बात कर परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।

 

बीजेपी नेता इंद्रमणि दूबे का निधन

घोसारी पहुंचे बीजेपी के वरिष्ठ नेता

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने फोन पर दी सांत्वना

विधायक रमेश जायसवाल ने दी आर्थिक मदद

शोक संतप्त परिवार से मिले दिग्गज

चंदौली जिले के शहाबगंज मंडल में भाजपा किसान मोर्चा के अध्यक्ष इंद्रमणि दूबे का एक सड़क दुर्घटना में असमय निधन हो गया। इस दुखद खबर से पूरे क्षेत्र और पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को भाजपा के वरिष्ठ नेता उनके पैतृक गांव घोड़सारी स्थित आवास पर पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर उन्हें हिम्मत और सांत्वना दी।

राष्ट्रीय और प्रदेश अध्यक्ष ने फोन पर बंधाया ढांढस
भाजपा जिलाध्यक्ष काशीनाथ सिंह ने दिवंगत इंद्रमणि दूबे के बड़े भाई छतीस द्विवेदी से मुलाकात की, जो दाह संस्कार की तैयारियों में जुटे थे। इस दौरान जिलाध्यक्ष ने अपने मोबाइल से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से दिवंगत नेता के बड़े भाई की बात कराई। दोनों शीर्ष नेताओं ने परिवार के प्रति गहरी संवेदना जाहिर करते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।

मुगलसराय विधायक ने दी 2 लाख रुपये की आर्थिक मदद
मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने पीड़ित परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की और दो लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने कहा कि इंद्रमणि दूबे पार्टी के एक समर्पित और सक्रिय कार्यकर्ता थे, जो संगठन के हर काम में आगे रहते थे। उनका इस तरह अचानक चले जाना पार्टी और पूरे क्षेत्र के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

राज्यसभा सांसद और कार्यकर्ताओं ने जताई संवेदना
राज्यसभा सांसद साधना सिंह ने भी परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया और ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। दिग्गज नेताओं ने दोहराया कि पार्टी इस संकट की घड़ी में पूरी तरह परिवार के साथ खड़ी है। इस दौरान मंडल अध्यक्ष रिंकू विश्वकर्मा, चंद्रभूषण चतुर्वेदी, मनोज श्रीवास्तव, सुशील कुमार, संजय कुमार, दिलीप सोनकर और ओमप्रकाश समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।