इलिया इलाके में गरजे योगी सरकार के बुलडोजर, अमृत सरोवर के पास से हटाई गईं अवैध दुकानें
इलिया कस्बे में दूसरे दिन भी चला बुलडोजर
अमृत सरोवर के पास की जमीन कब्जामुक्त
कोर्ट के आदेश पर हटा अवैध अतिक्रमण
खुद ही दुकानें समेटने लगे अतिक्रमणकारी
चंदौली जिले के इलिया कस्बे में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ प्रशासन का कड़ा रुख देखने को मिल रहा है। कस्बे में स्थित रानी लक्ष्मीबाई अमृत सरोवर के पास ग्राम सभा की जमीन को खाली कराने के लिए लगातार दूसरे दिन भी प्रशासन का बुलडोजर गरजा। बुधवार को तहसीलदार के नेतृत्व में राजस्व विभाग और भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शेष बचे अवैध निर्माण को पूरी तरह से ध्वस्त कर दिया गया।
अवैध मांस-मछली की दुकानों पर चली जेसीबी
तहसील प्रशासन से मिली जानकारी के मुताबिक, अमृत सरोवर के पास ग्राम सभा की बेशकीमती भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से मांस और मछली की दुकानें खोल ली गई थीं। इसके अलावा कई अन्य अस्थायी निर्माण भी कर लिए गए थे। न्यायालय के आदेश के बाद प्रशासन ने इस पर संज्ञान लिया। दो दिनों तक चले इस विशेष अभियान के पहले दिन कुछ हिस्सा ढहाया गया था, वहीं दूसरे दिन बाकी बचे अवैध निर्माणों को जमींदोज कर जमीन का समतलीकरण करा दिया गया।
कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप
इस बड़ी कार्रवाई के दौरान मौके पर नायब तहसीलदार आरिफ, राजस्व निरीक्षक, क्षेत्रीय लेखपाल और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक अमले की इस सख्ती को देखकर पूरे इलाके के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। स्थिति यह थी कि बुलडोजर की अगली कार्रवाई के डर से कई दुकानदारों और कब्जाधारकों ने खुद ही अपना सामान समेटना और अस्थायी ठिकाने हटाना शुरू कर दिया।
नायब तहसीलदार की खुली चेतावनी: खुद हटा लें कब्जा
मामले की जानकारी देते हुए नायब तहसीलदार आरिफ ने बताया कि यह पूरी कार्रवाई न्यायालय के आदेश के तहत की जा रही है। सार्वजनिक उपयोग या ग्राम सभा की सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से साफ शब्दों में अपील की है कि जिन लोगों ने भी सरकारी जमीनों पर अवैध रूप से कब्जा कर रखा है, वे उसे खुद ही हटा लें। ऐसा न करने पर प्रशासन आगे भी इसी तरह बलपूर्वक कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।