मारपीट के मामले में चकिया पुलिस की कार्रवाई, प्रबंधक और उनके बेटे सहित 7 लोगों के खिलाफ FIR 
​​​​​​​

पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है।
 

पुरानी रंजिश में दबंगों ने पिता-पुत्र को पीटकर किया घायल

विद्यालय के प्रबंधक सहित 7 लोगों पर मुकदमा दर्ज

फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश 

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र के मोहम्मदाबाद शेरपुर गांव में सोमवार शाम पुरानी रंजिश को लेकर हुए विवाद में दबंगों ने एक अधेड़ और उनके बेटे को बेरहमी से मारपीट कर घायल कर दिया। इस मामले में पुलिस ने प्रतिभा विद्यालय के प्रबंधक और उनके बेटे सहित सात लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

बचाने आए बेटे को भी पीटा
घटना सोमवार शाम उस समय हुई जब मोहम्मदाबाद शेरपुर गांव में दबंगों ने अधेड़ मुरारी सिंह पर हमला बोल दिया और उन्हें जमकर पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अपने पिता को बचाने के लिए जब उनका बेटा बलवंत आगे आया, तो हमलावरों ने उसे भी निशाना बनाया और बेरहमी से पीटकर अधमरा कर दिया। पीड़ित परिवार चकिया नगर पंचायत के वार्ड संख्या 4, घटमापुर का निवासी है।

मारपीट के बाद पीड़ित पक्ष ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। हालांकि, पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले ही हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।

प्रबंधक और बेटे पर FIR
पीड़ित पक्ष द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया है। आरोपियों में मुख्य रूप से प्रतिभा विद्यालय के डायरेक्टर मोहन सिंह और उनके बेटे दिव्यांशु प्रताप सिंह सहित कुल सात लोग नामजद हैं।

थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। इस घटना ने क्षेत्र में तनाव पैदा कर दिया है, जिस पर पुलिस नजर बनाए हुए है।