चकिया ब्लॉक की बैठक में बड़ा फैसला, 5 करोड़ रुपये के विकास प्रस्तावों को मिली हरी झंडी
चंदौली के चकिया विकासखंड कार्यालय में हुई क्षेत्र पंचायत की बैठक में गांवों की सूरत बदलने के लिए 5 करोड़ रुपये के विकास कार्यों पर मुहर लगी है। जानिए आपके गांव को क्या मिलने वाला है।
चकिया ब्लॉक में हुई महत्वपूर्ण बैठक
पांच करोड़ के विकास प्रस्ताव पास
बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर
कार्यों में पारदर्शिता रखने के निर्देश
जल्द शुरू होंगे स्वीकृत निर्माण कार्य
चंदौली जिले के चकिया विकासखंड कार्यालय सभागार में गुरुवार को क्षेत्र पंचायत की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में पंचम व केंद्रीय वित्त आयोग और मनरेगा के तहत कराए जाने वाले विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक के दौरान अलग-अलग ग्राम पंचायतों से आए प्रस्तावों पर बारीकी से विचार-विमर्श किया गया और करीब 5 करोड़ रुपये की लागत के विकास कार्यों को सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी गई।
गांवों में बुनियादी सुविधाओं पर रहेगा जोर
इस बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों की सूरत बदलने के लिए कई अहम फैसले लिए गए। गांवों में सड़क, खड़ंजा, नाली निर्माण, जल निकासी, इंटरलॉकिंग और सार्वजनिक स्थलों के विकास पर विशेष जोर दिया गया। इसके साथ ही सामुदायिक परिसंपत्तियों के निर्माण एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने का खाका खींचा गया। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया।
विधायक ने दिए पारदर्शिता के निर्देश
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे चकिया विधायक कैलाश आचार्य ने कहा कि सरकार की साफ मंशा है कि विकास योजनाओं का सीधा लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जितने भी कार्य स्वीकृत किए गए हैं, उन्हें पूरी पारदर्शिता, बेहतर गुणवत्ता और समय सीमा के अंदर पूरा कराया जाए। इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गुणवत्ता से नहीं होगा कोई समझौता
ब्लॉक प्रमुख शंभूनाथ यादव ने कहा कि क्षेत्र पंचायत के जरिए गांवों के विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से विकास कार्यों की निगरानी करने की अपील की। वहीं खंड विकास अधिकारी (BDO) अनिल राय ने बताया कि स्वीकृत प्रस्तावों के आधार पर जल्द ही धरातल पर काम शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
इस बैठक में प्रधान संघ अध्यक्ष रामलाल, एडीओ समाज कल्याण अनुराग शुक्ल, अकाउंटेंट दिनेश गुप्ता सहित क्षेत्र पंचायत सदस्य रंगलाल, कुंवरजीत, मोहम्मद अरशद, प्रमोद, फूलचंद पाल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।