चकिया के मुड़हुआ विद्यालय में क्लास छोड़ गपशप लड़ाते दिखे गुरुजी, बच्चे करते रहे पढ़ाई का इंतजार
चंदौली के चकिया स्थित मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को पढ़ाई छोड़कर गुरुजी दफ्तर में गपशप करते मिले। शौचालय भी गंदगी से पटा मिला। ग्रामीणों की शिकायत पर खंड शिक्षा अधिकारी ने जांच और कार्रवाई का भरोसा दिया है।
मुड़हुआ प्राथमिक विद्यालय में पसरी बदहाली
क्लास छोड़ दफ्तर में गपशप करते शिक्षक
गंदगी और काई से पटा मिला शौचालय
शिक्षकों की अनियमित मौजूदगी पर ग्रामीणों का गुस्सा
बीईओ ने जांच कर कार्रवाई की कही बात
चंदौली जिले की चकिया तहसील अंतर्गत मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय की सोमवार को सामने आई तस्वीर सरकारी दावों की हवा निकालती दिख रही है। एक तरफ सरकार बच्चों को बेहतर शिक्षा देने की बात कह रही है, तो दूसरी तरफ इस स्कूल में बच्चे पढ़ाई का इंतजार करते रहे और शिक्षक गपशप में मशगूल दिखे।
सोमवार को जब बच्चे कक्षाओं में पढ़ने के लिए बैठे थे, उसी समय सहायक अध्यापक सुनील पटेल समेत तीन अन्य शिक्षक क्लास में पढ़ाने के बजाय प्रधानाध्यापक कक्ष में आराम से कुर्सियां घेरकर बातचीत करते नजर आए। गुरुजी की इस गपशप ने स्कूल के पठन-पाठन की व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।
गंदगी और काई से पटा पड़ा है शौचालय
विद्यालय की बदहाली सिर्फ पढ़ाई-लिखाई तक सीमित नहीं है। परिसर में बना शौचालय गंदगी, कूड़े और हरी काई से बुरी तरह पटा मिला। इसे देखकर साफ पता चलता है कि महीनों से इसकी सफाई पर कोई ध्यान नहीं दिया गया है। हद तो यह है कि शौचालय पर बालक और बालिका के लिए अलग-अलग पहचान तक नहीं लिखी गई है। जो स्कूल बच्चों को स्वच्छता का पाठ पढ़ाता है, वहीं की ऐसी दुर्दशा देखकर हर कोई हैरान है।
हाजिरी लगाकर गायब होने का आरोप
स्थानीय ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि विद्यालय में शिक्षकों का आना-जाना भी तय नहीं रहता। ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि कुछ शिक्षक तो सिर्फ स्कूल आकर हाजिरी अपडेट करते हैं और फिर वहां से गायब हो जाते हैं। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। लेकिन जब सरकार शिक्षकों को पढ़ाने के लिए पूरा वेतन दे रही है, तब दफ्तर में बैठकर समय काटना सीधे तौर पर बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।
बीईओ बोले- जांच कर होगी कड़ी कार्रवाई
मुड़हुआ दक्षिणी प्राथमिक विद्यालय की इस लापरवाही ने शिक्षा विभाग के निरीक्षण और मॉनिटरिंग दावों की पोल खोल दी है। इस मामले ने पूरे इलाके में तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर जब खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) अजीत पाल से बात की गई तो उन्होंने साफ कहा कि पूरे मामले की गहनता से जांच कराई जाएगी। अगर जांच में शिक्षकों या कर्मचारियों की लापरवाही पाई जाती है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।