चकिया जिला अस्पताल में यूट्यूबर की दबंगई! महिला डॉक्टर के OPD में घुसकर बनाया वीडियो, सोशल मीडिया पर उत्पीड़न का आरोप

 

चंदौली के चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय में तैनात नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सविता अग्रवाल ने एक यूट्यूबर के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि युवक ने ओपीडी में जबरन घुसकर वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर अश्लील टिप्पणियां करवाईं।

 
 

चकिया जिला संयुक्त चिकित्सालय की घटना

नेत्र विशेषज्ञ डॉ. सविता अग्रवाल ने दी तहरीर

ओपीडी कक्ष में बिना अनुमति घुसने का आरोप

वीडियो सोशल मीडिया पर डालकर छवि की धूमिल

प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने दिए जांच के आदेश

चंदौली जिले के चकिया स्थित जिला संयुक्त चिकित्सालय से महिला सुरक्षा और सरकारी कार्य में बाधा से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। अस्पताल में तैनात नेत्र विशेषज्ञ (आई स्पेशलिस्ट) डॉ. सविता अग्रवाल ने एक यूट्यूबर युवक के खिलाफ चकिया कोतवाली में लिखित शिकायत देकर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। 

महिला चिकित्सक का आरोप है कि उक्त युवक बिना किसी अनुमति के उनके ओपीडी कक्ष के भीतर जबरन घुस आया और मना करने के बाद भी मोबाइल से वीडियो रिकॉर्डिंग करने लगा। इस दौरान उसने डॉक्टर के साथ बेहद अभद्र और अमर्यादित व्यवहार भी किया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर किया मानसिक उत्पीड़न
डॉ. सविता अग्रवाल द्वारा पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक, यह घटना बीते 4 जून की है। उस समय ओपीडी कक्ष के आसपास अस्पताल के सुरक्षाकर्मी मौजूद नहीं थे, जिसका फायदा उठाकर युवक ने उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। हद तो तब हो गई जब आरोपी ने उस वीडियो को फेसबुक, यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद असामाजिक तत्वों द्वारा उस पर बेहद आपत्तिजनक, अश्लील और धमकी भरी टिप्पणियां की जाने लगीं, जिससे महिला डॉक्टर की सामाजिक प्रतिष्ठा और व्यक्तिगत सुरक्षा को गंभीर खतरा पैदा हो गया है।

कोतवाली प्रभारी बोले- जांच के बाद होगी कड़ी विधिक कार्रवाई
इस मामले को लेकर चिकित्सा जगत और स्वास्थ्य विभाग में भारी आक्रोश है। डॉ. अग्रवाल ने कहा है कि एक महिला डॉक्टर के साथ कार्यस्थल पर ऐसा व्यवहार कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। इस संबंध में चकिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि चिकित्सक की तहरीर मिल चुकी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है। उन्होंने साफ किया कि जांच में जो भी तथ्य और वीडियो से जुड़े साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी यूट्यूबर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। किसी को भी कानून और महिला की गरिमा से खिलवाड़ करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।