लतीफ शाह डैम हो रहा ओवरफ्लो, रील के चक्कर में युवाओं का जानलेवा स्टंट, डैम पर बड़े हादसे की आशंका

चंदौली के चकिया स्थित लतीफ शाह डैम से पानी कर्मनाशा नदी में ओवरफ्लो होकर गिर रहा है। इस सुंदर नजारे के बीच युवा खतरनाक जगहों पर खड़े होकर रील बना रहे हैं और नदी में कूदकर जानलेवा स्टंट कर रहे हैं।

 

लतीफ शाह डैम में 7-8 इंच पानी ओवरफ्लो

कर्मनाशा नदी में युवाओं का खतरनाक स्टंट

रील बनाने की होड़ में मंडराया बड़े हादसे का खतरा

पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की मांग

चकिया पुलिस की स्टंटबाजों पर कार्रवाई की चेतावनी

 

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध लतीफ शाह डैम से पानी लगातार ओवरफ्लो हो रहा है। गुरुवार को डैम से करीब 7 से 8 इंच की ऊंचाई से पानी नीचे कर्मनाशा नदी में गिर रहा था। इस नजारे को देखने के लिए चंदौली समेत आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में सैलानी पहुंच रहे हैं। हालांकि, इस बीच युवाओं की बेपरवाही से बड़े हादसे का खतरा मंडराने लगा है। पानी का जलस्तर बढ़ते ही कई युवा रील बनाने और नदी में कूदकर स्टंट करने में जुट गए हैं।

 कोतवाली क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध लतीफशाह डैम से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। इन दिनों लगातार हो रही तेज बारिश के कारण डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है और पानी तेज बहाव के साथ ओवरफ्लो हो रहा है। इस खतरनाक माहौल के बावजूद यहां आने वाले सैलानी अपनी जान जोखिम में डालकर खतरनाक स्टंट कर रहे हैं, जो कभी भी जानलेवा साबित हो सकता है।

25 फीट की ऊंचाई से पानी में लगा रहे छलांग
सोशल मीडिया पर लतीफशाह डैम का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। इस वायरल वीडियो में कुछ सैलानी करीब 20 से 25 फीट की ऊंचाई से डैम के ओवरफ्लो पानी के तेज बहाव में सीधे छलांग लगाते हुए दिखाई दे रहे हैं। पानी की गहराई और बहाव अत्यधिक होने के बावजूद युवा बिना किसी सुरक्षा मानकों के गहरे पानी में उतर रहे हैं।

पूर्व के हादसों से भी नहीं ले रहे कोई सबक
वायरल वीडियो में लोगों की भारी भीड़ के बीच बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के इस तरह के खतरनाक करतब करते हुए साफ देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लतीफशाह डैम में पहले भी डूबने की कई दुखद घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इसके बावजूद बारिश के इस मौसम में पर्यटकों द्वारा लगातार ऐसा बड़ा जोखिम उठाया जाना गहरी चिंता का विषय है।
सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासन पर खड़े हुए सवाल

गहरे पानी में कूद रहे युवा, स्थानीय लोग चिंतित
स्थानीय लोगों के अनुसार मूसाखाड़ डैम से पानी सीधे लतीफ शाह डैम में आता है, जिसके बाद पानी ओवरफ्लो होकर कर्मनाशा नदी में गिरता है। बाहर से आ रहे युवा नदी के बेहद गहरे और खतरनाक इलाकों के किनारे खड़े होकर तस्वीरें और रील खिंचवा रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ सिरफिरे युवा तो पानी की ऊंचाई से सीधे नदी में कूदकर खतरनाक स्टंट भी दिखा रहे हैं, जिससे उनकी जान को सीधा खतरा बना हुआ है।

स्थानीय निवासियों ने की सुरक्षा की मांग
डैम के पास सुरक्षा व्यवस्था न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। क्षेत्र के निवासी परवेज आलम, मदन, गोपाल, आलोक और उग्रसेन ने प्रशासनिक ढिलाई पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि यदि इन स्टंटबाजों को तुरंत नहीं रोका गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि यहां तत्काल प्रभाव से पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की ड्यूटी लगाई जाए ताकि हादसों को रोका जा सके।

चकिया पुलिस ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
इस पूरे मामले पर चकिया के कोतवाल संजय सिंह ने बताया कि लतीफ शाह डैम के किनारे सुरक्षा के लिहाज से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने स्वीकार किया कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद कुछ युवा छिपकर नदी के किनारे तक पहुंच जा रहे हैं। कोतवाल ने साफ किया कि ऐसे खतरनाक स्टंट करने वाले युवाओं को चिन्हित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


बैरिकेडिंग और कड़ी कार्रवाई की उठी मांग
लोगों की सुरक्षा को देखते हुए स्थानीय प्रशासन से डैम क्षेत्र में तुरंत पुलिस निगरानी बढ़ाने की मांग की जा रही है। इसके साथ ही संवेदनशील और खतरनाक जगहों पर बैरिकेडिंग कराने और नियमों की अनदेखी कर जान जोखिम में डालने वाले सैलानियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी जोर पकड़ रही है।