रील और भड़काऊ गाने पोस्ट करने वालों की खैर नहीं, चकिया पुलिस ने एक साथ दबोचे 10 रीलबाज  

 

चंदौली की चकिया थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ ग्रुप बनाकर और आपत्तिजनक सामग्री पोस्ट कर सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई 'ऑपरेशन वज्रपात' के तहत की है।

 
 

चकिया पुलिस ने दबोचे दस उपद्रवी

सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप

ऑपरेशन वज्रपात के तहत गिरफ्तारी

इंटरनेट पर पुलिस की पैनी नजर

चंदौली जिले में सोशल मीडिया के अलग-अलग प्लेटफॉर्म पर नफरत और वैमनस्य फैलाने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ चंदौली पुलिस ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) वाराणसी परिक्षेत्र वाराणसी, श्री वैभव कृष्ण के कड़े दिशा-निर्देशों और उच्चाधिकारियों के सीधे पर्यवेक्षण में जिले भर में "ऑपरेशन वज्रपात" अभियान चलाया जा रहा है।

इसी अभियान के अंतर्गत चकिया थाना पुलिस की टीम ने एक बड़ी और प्रभावी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सोशल मीडिया पर भड़काऊ व उकसाऊ ग्रुप बनाकर, आपत्तिजनक पोस्ट और गाने प्रसारित कर आम जनता को आक्रोशित करने तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाले 10 शातिर अभियुक्तों को एक साथ धर दबोचा है।

घर से उठा ले गई पुलिस
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के कुशल नेतृत्व में चकिया पुलिस टीम ने डिजिटल सर्विलांस और स्थानीय इनपुट के आधार पर जाल बिछाया। पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ युवक इंटरनेट पर ऐसी सामग्री परोस रहे हैं जिससे इलाके की शांति व्यवस्था को खतरा पैदा हो रहा था।

पुलिस टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित दबिश दी और पूर्व के मुकदमों में पहले से चिन्हित किए गए 10 अभियुक्तों को उनके घरों से गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में इंदिरा नगर (वार्ड नंबर 1) के रहने वाले सागर सोनकर, शिवकुमार सोनकर, रिंकू बिंद, सूरज सोनकर, काजू बिंद, रिंकू सोनकर, सत्या सोनकर, आशुतोष उर्फ बलदाऊ सोनकर, अजय सोनकर और शमशेर नगर (वार्ड नंबर 3) का निवासी राजन सोनकर शामिल है।

धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह ने बताया कि इन सभी 10 अभियुक्तों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत कड़ी विधिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने साफ कर दिया है कि सोशल मीडिया की आड़ में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

इस कामयाब और बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक हरेंद्र यादव, हेड कांस्टेबल रविशंकर और कांस्टेबल सुभाष चंद्र मुख्य रूप से शामिल रहे। पुलिस प्रशासन ने आम जनता और युवाओं से अपील की है कि वे इंटरनेट का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी भ्रामक या उकसाऊ पोस्ट को शेयर करने से बचें।