चकिया पुलिस ने 50 हजार का इनामी पशु तस्कर रंजीत को दबोचा, वाराणसी-मिर्जापुर तक फैला था जाल
चंदौली की चकिया कोतवाली पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 50 हजार रुपये के इनामिया गो-तस्कर रंजीत को गिरफ्तार किया है। लंबे समय से फरार चल रहे इस शातिर अपराधी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर अमरा दक्षिणी के पास घेराबंदी कर पकड़ा।
50 हजार रुपये का इनामिया गो-तस्कर गिरफ्तार
चकिया पुलिस की टीम ने अमरा दक्षिणी में की घेराबंदी
गोवध और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत था वांछित
10 फरवरी 2026 को घोषित हुआ था भारी इनाम
मिर्जापुर निवासी आरोपी वाराणसी में बदल रहा था ठिकाने
चंदौली जिले की चकिया कोतवाली पुलिस को अपराधियों और अराजकतत्वों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मंगलवार की शाम गो-तस्करी के गंभीर मामलों में वांछित चल रहे 50 हजार रुपये के इनामिया शातिर अपराधी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों द्वारा जारी कड़े निर्देशों के क्रम में की गई।
50 हजार का इनामिया तस्कर गिरफ्तार
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रंजीत (पुत्र लालबहादुर राजभर) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जनपद मिर्जापुर के थाना कछवा अंतर्गत हीरापुर (गोरही) का निवासी है, जो वर्तमान में वाराणसी के रोहनिया थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर में ठिकाना बदलकर रह रहा था। आरोपी के खिलाफ गोवध निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत था। इसकी अपराध की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपमहानिरीक्षक ने 10 फरवरी 2026 को इस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
मुखबिर की सूचना पर अमरा दक्षिणी में घेराबंदी
मंगलवार शाम करीब 7 बजे, चकिया थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि वांछित आरोपी रंजीत ग्राम अमरा दक्षिणी के रास्ते चंदौली की ओर जाने की फिराक में है। सूचना मिलते ही सक्रिय हुई पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर रणनीतिक घेराबंदी की और भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को दबोच लिया।
इस महत्वपूर्ण गिरफ्तारी को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ उपनिरीक्षक अनिल कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, हेड कांस्टेबल सूरज कुमार, कांस्टेबल हरिओम पाल और सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे। थानाध्यक्ष ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ विधिक प्रक्रिया पूरी कर उसे जेल भेजा जा रहा है। चंदौली पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के अपराधियों में हड़कंप मचा हुआ है।