अवैध खनन माफियाओं पर चकिया पुलिस का बड़ा एक्शन, फायरिंग के बाद भाग रहे 2 बदमाश गिरफ्तार
चंदौली की चकिया कोतवाली पुलिस ने अवैध खनन माफियाओं के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश कर रहे दो शातिर आरोपियों को घेराबंदी कर दबोच लिया गया।
अवैध खनन माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई
पुलिस टीम पर की गई फायरिंग
घेराबंदी कर दो आरोपी गिरफ्तार
स्विफ्ट कार और तमंचा बरामद
चकिया पुलिस की बड़ी सफलता
चंदौली जिला में अवैध खनन एवं उपद्रव करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चकिया कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपितों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान एक आरोपित ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस की सतर्कता से दोनों आरोपितों को दबोच लिया गया। पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, मिस कारतूस, स्विफ्ट कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 9 मई 2026 को रेंजर चकिया अखिलेश दुबे एवं थाना प्रभारी अर्जुन सिंह पुलिस व वन विभाग की संयुक्त टीम के साथ मुखबिर की सूचना पर चन्द्रप्रभा रेंज क्षेत्र के ग्राम अलीपुर भांगड़ा पहुंचे थे। मौके पर बिना अनुमति के एक जेसीबी और दो ट्रैक्टरों से अवैध खनन किया जा रहा था। संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जेसीबी एवं दोनों ट्रैक्टरों को कब्जे में ले लिया।
इसी दौरान महेंद्र राव, विजेंद्र राव समेत करीब 80 से 100 की संख्या में महिला-पुरुषों की भीड़ ने पुलिस एवं वन विभाग की टीम को घेर लिया। आरोप है कि उपद्रवियों ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए सड़क पर पत्थर रखकर चक्का जाम किया तथा राहगीरों के साथ अभद्रता की। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
चकिया कोतवाली प्रभारी अर्जुन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार आरोपितों की तलाश में जुटी थी। इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर गणेशपुर बंधी के पास सफेद स्विफ्ट कार संख्या UP67AF6780 को रोककर जांच की गई। पुलिस के मुताबिक कार का दरवाजा खुलते ही आरोपी संदीप कुमार ने पुलिस टीम पर 315 बोर के अवैध तमंचे से फायर कर दिया, लेकिन गोली मिस हो गई। इसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदीप कुमार पुत्र रामकिशुन एवं परदेशी पुत्र महादेव निवासी शिकारगंज थाना चकिया को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपितों ने बताया कि वे 9 मई को महेंद्र राव के बुलावे पर धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए थे। उन्होंने भीड़ को उग्र बनाने और पुलिस कब्जे से जेसीबी व ट्रैक्टर छुड़ाने में सहयोग किया था। घटना के बाद दोनों लगातार फरार चल रहे थे और शेरवा की ओर जाने की तैयारी में थे, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपितों के कब्जे से एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक मिस कारतूस, एक स्विफ्ट कार तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। दोनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 118/2026 के तहत धारा 189(2), 191(2), 191(3), 190, 285, 115(2), 126(2), 132, 352, 351(2), 109(1), 61(2) बीएनएस, 7 सीएलए एक्ट, 26(1)(एफ) वन अधिनियम एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह, उपनिरीक्षक अमित कुमार मिश्रा, उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रामचन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अनुज कुमार यादव एवं कांस्टेबल अनिल कुमार सिंह शामिल रहे।