चकिया में नए आपराधिक कानूनों पर जागरूकता अभियान, पुलिस ने बताए बड़े बदलाव

उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कानूनों के अंतर्गत अपराधों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाया गया है, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय प्राप्त हो सके।
 

चकिया में पुलिस ने शुरू किया जागरूकता अभियान

आम जनता को बताया नए कानूनों का महत्व

भारतीय न्याय संहिता, नागरिक सुरक्षा संहिता और साक्ष्य अधिनियम से न्याय होगा तेज और पारदर्शी

देश की न्याय व्यवस्था में ऐतिहासिक सुधार लाने के उद्देश्य से लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रति नागरिकों को जागरूक करने के लिए चकिया नगर में एक विशेष अभियान चलाया गया। गुरुवार को गांधी पार्क तिराहे पर आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों को नए आपराधिक कानूनों के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर पुलिस क्षेत्राधिकारी रघुराज, पुलिस क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम तथा थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने उपस्थित नागरिकों को 2023 में लागू हुए तीन नए कानूनों भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की मुख्य विशेषताओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

ब्रिटिशकालीन कानूनों की जगह अब 'भारतीय न्याय'

पुलिस अधिकारियों ने उपस्थित लोगों को बताया कि शासन द्वारा लागू किए गए ये तीनों नए कानून देश की न्याय व्यवस्था में बड़ा बदलाव लेकर आए हैं। अब ब्रिटिश काल में बने पुराने दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और साक्ष्य अधिनियम की जगह भारतीय न्याय संहिता 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम 2023 लागू हो चुके हैं। इन नए कानूनों के लागू होने से न्याय प्रणाली में पारदर्शिता, सरलता और गति आएगी।

त्वरित न्याय और आधुनिक जांच पर जोर

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रघुराज ने कहा कि नए कानूनों का मुख्य उद्देश्य आम जनता को त्वरित न्याय दिलाना और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कानूनों के अंतर्गत अपराधों की जांच और सुनवाई की प्रक्रिया को पहले से कहीं अधिक पारदर्शी और आधुनिक बनाया गया है, जिससे पीड़ितों को शीघ्र न्याय प्राप्त हो सके।

पुलिस क्षेत्राधिकारी आकांक्षा गौतम ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता में समाज के कमजोर वर्गों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के अधिकारों की सुरक्षा को विशेष प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने जोर दिया कि हर नागरिक के लिए यह आवश्यक है कि वह इन नए कानूनों की जानकारी रखे और अपने अधिकारों तथा कर्तव्यों के प्रति सजग रहे।

तकनीक का उपयोग बढ़ेगा, पुलिस-जनता संवाद मजबूत होगा

थाना प्रभारी अर्जुन सिंह ने जनता से अपील की कि वे कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच संवाद जितना मजबूत होगा, समाज उतना ही सुरक्षित रहेगा। अधिकारियों ने यह भी बताया कि नए कानूनों के अंतर्गत अब तकनीकी साधनों का उपयोग बढ़ाया गया है। इसका फायदा यह होगा कि अपराधों की जांच और सबूतों के संग्रहण में अधिक पारदर्शिता आएगी, जिससे अपराधों के शीघ्र निस्तारण की प्रक्रिया सुनिश्चित की जा सकेगी।

इस महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम में चौकी प्रभारी सुनील कुमार, सभासद केसरी नंदन, सभासद प्रतिनिधि सुरेश सोनकर सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।