चकिया में 'शोले' स्टाइल ड्रामा: दो महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह, अब पति से अनबन हुई तो टावर पर चढ़ी पत्नी
चंदौली के मुहम्मदाबाद गांव में एक विवाहिता पति के साथ रहने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गई। मौके पर पहुंची चकिया कोतवाली पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए महिला को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतारा।
चकिया के मुहम्मदाबाद गांव की घटना
पति संग रहने के लिए टावर पर चढ़ी महिला
दो महीने पहले दोनों का हुआ था प्रेम विवाह
आपसी मतभेद के कारण रहने लगे थे अलग
प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने कराया सुरक्षित रेस्क्यू
चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र से 'शोले' फिल्म के स्टाइल में विरोध प्रदर्शन करने का एक अनोखा मामला सामने आया है। यहां के मुहम्मदाबाद गांव में मंगलवार की सुबह उस समय अचानक हड़कंप मच गया, जब एक विवाहिता अपने पति के साथ रहने की मांग को लेकर गांव में ही लगे रिलायंस कंपनी के ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सुबह-सुबह महिला को टावर की ऊंचाई पर देख ग्रामीणों के होश उड़ गए। देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी जानकारी चकिया कोतवाली पुलिस को दी।
चकिया के मुहम्मदाबाद गांव की घटना
— Chandauli Samachar (@chandaulinews) June 16, 2026
पति संग रहने के लिए टावर पर चढ़ी महिला
दो महीने पहले दोनों का हुआ था प्रेम विवाह@Uppolice @chandaulipolice @chakiyacdi @IgRangeVaranasi pic.twitter.com/o6XXuNHbqz
दो महीने पहले हुआ था प्रेम विवाह, फिर आई दरार
जानकारी के मुताबिक, मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला और उसका पति दोनों मुहम्मदाबाद गांव के ही एक ही मोहल्ले के रहने वाले हैं। दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके बाद करीब दो महीने पहले दोनों परिवारों की आपसी रजामंदी से उनका प्रेम विवाह कराया गया था। हालांकि, शादी के कुछ समय बाद ही दोनों के बीच पारिवारिक कलह और आपसी मतभेद शुरू हो गए, जिसकी वजह से दोनों अलग-अलग रहने लगे थे। विवाहिता लगातार अपने पति के साथ रहने की इच्छा जता रही थी, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने सूझबूझ से टाला बड़ा हादसा
घटना की सूचना मिलते ही चकिया कोतवाली की पुलिस टीम दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने बेहद धैर्य और सूझबूझ का परिचय देते हुए महिला से बातचीत शुरू की और उसे नीचे आने के लिए मनाया। पुलिस ने महिला को आश्वासन दिया कि उसके पति और ससुराल पक्ष के लोगों को बुलाकर बातचीत के जरिए मामले को सुलझाया जाएगा। इस भरोसे के बाद महिला सुरक्षित नीचे उतर आई।
इस मामले में जानकारी देते हुए प्रभारी निरीक्षक अर्जुन सिंह ने बताया कि महिला को सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया है। अब दोनों पक्षों को कोतवाली बुलाकर मामले की जांच और जरूरी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।