चकिया तहसील के पानी में डूबे गांवों में पहुंचे डीएम, बारिश से ढहे मकानों का लिया जायजा, पुनर्वास के सख्त निर्देश

चंदौली के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने चकिया तहसील के बारिश प्रभावित गांवों का पैदल दौरा कर पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को बेघर परिवारों के पुनर्वास, आर्थिक सहायता और योजनाओं का लाभ देने के कड़े निर्देश दिए।
 

चंदौली डीएम चंद्र मोहन गर्ग चकिया दौरा

बारिश प्रभावित गांवों का पैदल भौतिक सत्यापन

बेघर परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता निर्देश

पक्का आवास और आयुष्मान कार्ड लाभ निर्देश

जलभराव वाले क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव

चंदौली जिले के जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने बुधवार को चकिया तहसील क्षेत्र के वर्षा से प्रभावित बहोरा (कुर्थिया), सिकठिया (चित्तौड़ी) और पिपराकला गांवों का विस्तृत दौरा किया। इस दौरान उन्होंने हाल ही में हुई भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त और ढहे मकानों की वर्तमान स्थिति का जायजा लिया। इसके साथ ही उन्होंने पिछले वर्ष की बारिश में बेघर हुए उन लाभार्थियों के निर्मित हो चुके नए आवासों का भी भौतिक सत्यापन किया, जिन्हें सरकारी सहायता से पक्का घर मिला है।

पैदल चलकर देखी गांवों की स्थिति

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी पीड़ितों के दरवाजे तक खुद पैदल चलकर पहुंचे और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने मौके पर मौजूद एसडीएम चकिया और बीडीओ को सख्त निर्देश दिए कि बेघर हुए परिवारों के पुनर्वास में किसी भी तरह की ढिलाई न बरती जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक राहत राशि देने के साथ-साथ शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाया जाए।

चंदौली डीएम चंद्र मोहन गर्ग चकिया दौरा

बारिश प्रभावित गांवों का पैदल भौतिक सत्यापन

बेघर परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता निर्देश

पक्का आवास और आयुष्मान कार्ड लाभ निर्देश@dmchandauli @cdochandauliup pic.twitter.com/bw0bT8799A

— Chandauli Samachar (@chandaulinews) September 9, 2026


सरकारी योजनाओं का लिया धरातलीय फीडबैक

गांवों में घूमकर जिलाधिकारी ने बच्चों से उनकी पढ़ाई-लिखाई के बारे में पूछा और महिलाओं से स्वयं सहायता समूहों, शौचालय निर्माण, आयुष्मान भारत कार्ड, मुफ्त राशन वितरण तथा मनरेगा रोजगार की धरातलीय स्थिति का फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को सख्त हिदायत दी कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे और छूटे हुए लोगों के तत्काल फॉर्म भरवाकर उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।

प्रशासन आपके साथ खड़ा है

ग्रामीणों से संवाद करते हुए डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जिला प्रशासन पूरी तरह से आपके साथ खड़ा है। हमारा मकसद सिर्फ त्वरित राहत देना नहीं, बल्कि प्रभावित परिवारों को पक्का आवास, आयुष्मान कार्ड, राशन और मनरेगा से रोजगार दिलाकर उनके जीवन को पुनः सामान्य बनाना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि किसी भी पात्र व्यक्ति का हक मारा नहीं जाएगा और यदि लाभ मिलने में कोई रुकावट आए, तो सीधे अधिकारियों को सूचित करें।

साफ-सफाई और एंटी-लार्वा छिड़काव कराने के दिए निर्देश

गांवों में संक्रामक बीमारियों और मच्छरों के प्रकोप को रोकने के लिए जिलाधिकारी ने एडीओ पंचायत को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गांवों में नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और जलभराव वाले सभी क्षेत्रों में तुरंत एंटी-लार्वा दवाइयों का छिड़काव कराया जाए ताकि बीमारियां न फैलें।