चकिया में चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने किया गौपूजन, दिया प्रकृति प्रेम का संदेश
चंदौली जिले के चकिया इलाके में गौ-पूजा
गोवर्धन पूजा पर गौशाला में हुआ भव्य कार्यक्रम
चेयरमैन सहित भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया गौपूजन
गोवर्धन पूजा पर गौशाला में उमड़ी आस्था
चंदौली जिले की चकिया नगर पंचायत के वार्ड नंबर 7 स्थित ब्लॉक परिसर गौशाला में बुधवार को गोवर्धन पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर नगर पंचायत चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता सहित कई भाजपा कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
चेयरमैन गौरव श्रीवास्तव ने गौपूजन किया और गायों को हरा चारा, गुड़ और रोट खिलाया। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा का पर्व प्रकृति प्रेम के प्रकटीकरण के साथ ही आम जनमानस का गौवंश के प्रति लगाव और स्नेह भी व्यक्त करता है।
गौरव श्रीवास्तव ने आगे कहा कि गौमाता को माँ का स्वरूप माना गया है। इसलिए गौशालाओं का सही रखरखाव सुनिश्चित करते हुए इनके भोजन व पोषण की समुचित व्यवस्था की गई है।
गोवर्धन पूजा (जिसे अन्नकूट भी कहते हैं) दीपावली के अगले दिन मनाई जाती है। भारतीय लोकजीवन में इस त्योहार का बहुत महत्व है, क्योंकि यह प्रकृति के साथ मानव के सीधे संबंध को दर्शाता है। शास्त्रों के अनुसार, गाय को देवी लक्ष्मी का स्वरूप कहा गया है, जो सुख-समृद्धि और स्वास्थ्य रूपी धन प्रदान करती हैं।
गौ के प्रति श्रद्धा प्रकट करने के लिए ही कार्तिक शुक्ल पक्ष प्रतिपदा के दिन गोवर्धन और गौमाता की पूजा की जाती है। इस कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष संदीप गुप्ता आशु, सभासद ज्योति गुप्ता, उमेश चौहान, भाजपा नेता शुभम मोदनवाल, सारांश केसरी और अजय सेठ सहित कई लोग मौजूद रहे।