चकिया के गायघाट में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई: वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों का हमला, पुलिस के सामने JCB छुड़ा ले गए लोग

चंदौली के चकिया में अवैध मिट्टी खनन रोकने गई वन विभाग और पुलिस टीम को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। हंगामे के बीच भीड़ जबरन जेसीबी छुड़ा ले गई। तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पीएसी और पुलिस बल तैनात किया गया है।

 

चन्द्रप्रभा रेंज के अमरा बीट में अवैध खनन

वन विभाग और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक

जबरन जेसीबी और ट्रैक्टर छुड़ा ले गई भीड़

सीओ रघुराज के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात

सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों पर होगी एफआईआर

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को अवैध खनन के खिलाफ की गई कार्रवाई ने हिंसक रूप ले लिया। चकिया के गायघाट भगड़ा गांव स्थित चन्द्रप्रभा रेंज के शिकारगंज सेक्शन अंतर्गत अमरा बीट में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पहुंची वन विभाग और प्रशासन की संयुक्त टीम को ग्रामीणों के भारी आक्रोश और हंगामे का सामना करना पड़ा। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि ग्रामीण पुलिस और वन विभाग की मौजूदगी में ही जब्त की गई जेसीबी मशीन और ट्रैक्टर को जबरन छुड़ाकर ले गए।

आरक्षित वन भूमि में चल रहा था खनन का खेल
जानकारी के अनुसार, क्षेत्रीय वन अधिकारी अखिलेश दुबे को सूचना मिली थी कि अमरा बीट की आरक्षित वन भूमि में जेसीबी मशीन लगाकर बड़े पैमाने पर मिट्टी का अवैध खनन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खुदाई में लगी मशीनों को कब्जे में लेने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान मशीन मालिक के साथ दर्जनों ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई को अवैध बताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। ग्रामीणों का दावा था कि खुदाई निजी भूमि पर हो रही थी, जबकि वन विभाग इसे सरकारी वन भूमि बता रहा था।

भीड़ का हाईवोल्टेज ड्रामा और पुलिस पर दबाव
देखते ही देखते मौके पर महिलाओं और पुरुषों की भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए वन कर्मियों को चारों तरफ से घेर लिया। विवाद को बढ़ता देख चकिया कोतवाली पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचे प्रभारी कोतवाल अर्जुन सिंह ने स्थिति संभालने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने पुलिस की एक न सुनी। आरोप है कि इसी आपाधापी का फायदा उठाकर कुछ लोग वन विभाग द्वारा कब्जे में ली गई जेसीबी और ट्रैक्टर को मौके से लेकर फरार हो गए।

भारी पुलिस बल ने संभाला मोर्चा, कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) रघुराज सिंह के नेतृत्व में चकिया सर्किल की पुलिस फोर्स और बबुरी थाने की अतिरिक्त फोर्स को मौके पर बुलाया गया। भारी पुलिस बल के पहुंचने के बाद हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा गया और जाम की स्थिति को विफल किया गया।

प्रशासनिक अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में कहा है कि अवैध खनन किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकारी काम में बाधा डालने और कानून हाथ में लेने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, महिलाओं की आड़ लेकर पुलिस को चुनौती देने वाले अराजक तत्वों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। वर्तमान में फरार आरोपियों और मशीनों की तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।