ओवरलोड डंपरों का कहर: चंदौली के मालदह में नहर किनारे की सड़क हुई ध्वस्त, यूपी-बिहार संपर्क मार्ग कटा

 

चंदौली के इलिया में ओवरलोड डंपरों ने मालदह-बनरसिया माइनर मार्ग को पूरी तरह तहस-नहस कर दिया है। उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क अब गड्ढों में तब्दील हो चुकी है, जिससे राहगीरों का चलना दूभर हो गया है।

 
 

मालदह से बनरसिया माइनर तक सड़क ध्वस्त

ओवरलोड डंपरों के कारण 4 किमी मार्ग जर्जर

यूपी और बिहार का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग बाधित

छोटे वाहनों के लिए बनी सड़क पर भारी वाहन

बदहाल सड़क के कारण ग्रामीणों का आवागमन ठप

चंदौली जिला के इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मालदह गांव से बनरसिया माइनर तक नहर किनारे बनी करीब चार किलोमीटर लंबी सड़क ओवरलोड वाहनों के चलते पूरी तरह जर्जर हो गई है। छोटे वाहनों के आवागमन के लिए निर्मित यह सड़क क्षेत्रीय ग्रामीणों के साथ-साथ उत्तर प्रदेश और बिहार को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग मानी जाती है। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आवागमन लगभग ठप हो गया है।

स्थानीय निवासी हलचल, मिथिलेश कुमार, अंगद, रामवचन और शत्रुध्न का आरोप है कि पिछले कई महीनों से इस मार्ग पर बड़े वाहन, डंपर और ट्रक ओवरलोड मिट्टी व गिट्टी लादकर बिहार की ओर जा रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार दबाव से सड़क की परत उखड़ गई है और कई स्थानों पर गहरे गड्ढे बन गए हैं। हालात यह हो गए कि एक ओवरलोड ट्रक सड़क धंसने से बीच रास्ते में फंस गया, जिससे मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया।

सड़क बाधित होने से मालदह, बनरसिया और आसपास के गांवों के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्कूली बच्चों, किसानों और दैनिक मजदूरी के लिए आने-जाने वाले लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ा। कई लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए लंबा वैकल्पिक मार्ग अपनाना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग और प्रशासन से कई बार शिकायत की गई, लेकिन ओवरलोड वाहनों पर प्रभावी रोक नहीं लग सकी। लोगों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराने तथा इस मार्ग पर भारी वाहनों के प्रवेश पर सख्ती से प्रतिबंध लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।

इस संबंध में सिंचाई विभाग के एसडीओ राकेश तिवारी ने बताया कि ओवरलोड वाहनों के चलते सड़क क्षतिग्रस्त हुई है। मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।