मुसाखांड़, नगवां, भैसोड़ा, चंद्रप्रभा बांध लबालब भरा, मुसाखांड़ बांध के 8 फाटक खुले, निचले इलाकों में बाढ़ जैसे हालात
भारी बारिश से मुसाखांड़, नगवां और भैसोड़ा बांध भरा लबालब
लतीफशाह डैम से गिराया जा रहा है सवा 8 फीट पानी
डीएम चंद्र मोहन गर्ग ने अधिकारियों संग की आपात बैठ
बाढ़ चौकियां स्थापित, नाव और राहत सामग्री की तैयारी पूरी
चंदौली जिला के चकिया तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की रात भारी बारिश के चलते सभी बांध लगालब भर कर ओवरफ्लो हो रहे हैं। जिसके कारण बांधों से लगातार पानी कर्मनाशा, तथा चंद्रप्रभा नदी में गिराया जा रहा है। कर्मनाशा नदी में पानी गिराये जाने से निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मुसाखांड़ बांध में नगवां तथा भैसोड़ा बांध से भी पानी आने मुसाखांड़ बांध लबालब भर गया। बांध को सुरक्षित रखने के लिए 354 फीट के लेवल को मेंटेन करते हुएं उसके 10 फाटक में आठ फाटक को खोलकर लतीफशाह डैम में पानी छोड़ा जा रहा है। शनिवार की शाम तक बांध से 34000 क्यूसेक पानी लतीफशाह डैम में छोड़ा जा रहा था। जिसके कारण लतीफशाह बांध ओवरफ्लो होकर पानी कर्मनाशा नदी में गिराया जा रहा है। शाम तक डैम से 43000 क्यूसेक पानी कर्मनाशा नदी में गिर रहा था। डैम के ऊपर 8.25 फीट तक पानी लगातार बहते रहने से शहाबगंज के पुराने पुल को छूने के कगार पर है।
वहीं शहाबगंज विकासखंड के निचले इलाके मानिकपुर, जेगुरी, सवैया महलवार, केरायगांव, तीरों, सहित दर्जनों गांवों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके अलावा चंद्रप्रभा नदी से 5700 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिसके कारण मुजफ्फर बियर से शाम तक 9000 क्यूसेक पानी नदी में गिर रहा था। चंद्रप्रभा नदी में पानी छोड़ जाने के बाद बबुरी पुल पर एक फीट पानी बह रहा है। इसके अलावा चकिया चंदौली मार्ग तथा चकिया अहरौरा मार्ग पर कई जगह पानी एक से डेढ़ फीट तक सड़क पर बह रहा है। जिससे आवागमन में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। वहीं शिकारगंज में भोका बंधी में क्षमता से अधिक पानी भर जाने के कारण टूटने के कगार पर पहुंच गया है। जिसे सुरक्षित रखने के लिए पानी निकाले जाने की व्यवस्था की गई है।
जिलाधिकारी चंद्र मोहन गर्ग ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ चकिया स्थित सिंचाई विभाग के कार्यालय में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर बाढ़ से निपटने हेतु सभी पहलुओं पर पूर्वक विचार विमर्श किया। वहीं विभागीय अधिकारियों को हिदायत दिया कि वह बाढ़ की स्थिति पर बराबर नजर रखें। तथा स्थिति से निपटने के लिए पुख्ता इंतजाम तैयार रखें।
सिंचाई विभाग कार्यालय में बाढ़ चौकियां स्थापित करके हर क्षण बांधों की स्थिति पर नजर रखी जा रही है। वहीं बाढ़ से प्रभावित गांवों में नाव आदि की व्यवस्था करने की भी तैयारी पुरी की गई है। सिंचाई विभाग कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार यदि शनिवार की रात में भी बारिश की स्थिति बनी रही तो अगले दिन से प्रभावित इलाकों में राहत सामग्री और नाव चलाई जाने की व्यवस्था की जाएगी।