चकिया और इलिया क्षेत्र में चोरी से हड़कंप: सूने मकानों को निशाना बना चोरों ने उड़ाए 2.60 लाख के गहने और नकदी

 

चंदौली के चकिया और इलिया थाना क्षेत्रों में चोरों ने दिनदहाड़े दो सूने मकानों के ताले तोड़कर करीब ढाई लाख रुपये से अधिक के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामलों की जांच में जुटी है।

 
 

चंदौली में दिनदहाड़े दो बड़ी चोरियां

सुल्तानपुर गांव में 60 हजार के जेवर चोरी

खोजापुर में दो लाख के आभूषण पार

इलिया व चकिया पुलिस जांच में जुटी

सूने मकानों को चोरों ने बनाया निशाना

चंदौली जिले में बेखौफ चोरों ने पुलिसिया गश्त और कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाते हुए दिनदहाड़े चोरी की दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। पहली घटना चकिया कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव की है, जबकि दूसरी घटना इलिया थाना क्षेत्र के खोजापुर गांव की है। दोनों ही जगहों पर चोरों ने सूने मकानों का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजों के ताले तोड़े और लाखों रुपये के सोने-चांदी के गहनों व नकदी पर हाथ साफ कर दिया। दिन के उजाले में हुई इन वारदातों से पूरे इलाके के ग्रामीणों में भारी हड़कंप और असुरक्षा का माहौल व्याप्त हो गया है।

सुल्तानपुर में 60 हजार रुपये के आभूषण पार
चकिया कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर गांव निवासी दुक्खू विश्वकर्मा मंगलवार को किसी जरूरी काम से घर से बाहर गए हुए थे। उनका बेटा जोगिंदर विश्वकर्मा सैदूपुर स्थित अपनी दुकान पर था और पत्नी खोजापुर में सती माता मंदिर के पास अपनी दुकान पर गई हुई थीं। घर में किसी के न होने का फायदा उठाकर दोपहर करीब 12 बजे चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया। अंदर घुसकर शातिर चोरों ने कमरे में रखे दो बक्सों के ताले चटकाए और उनमें रखे लगभग 60 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण समेटकर रफूचक्कर हो गए।

दो घंटे बाद लौटे गृहस्वामी तो उड़ गए होश
घटना के करीब दो घंटे बाद जब गृहस्वामी दुक्खू विश्वकर्मा घर वापस लौटे तो मुख्य द्वार का ताला टूटा देख उनके होश उड़ गए। अंदर जाने पर दोनों बक्सों के ताले टूटे मिले और सारा सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत पड़ोसियों को सूचना दी और 112 नंबर पर पुलिस को बुलाया। 
सूचना मिलते ही सैदूपुर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। चकिया कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि पीड़ित की सूचना पर पुलिस टीम ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही चोरों का सुराग लगा लिया जाएगा।

खोजापुर में 10 हजार नकदी और 2 लाख के जेवर चोरी
दूसरी तरफ, इलिया थाना क्षेत्र के खोजापुर गांव में दोपहर करीब दो बजे चोरों ने फिर से पुलिस को खुली चुनौती दी। गांव निवासी रामपति विश्वकर्मा काम पर गए थे और उनकी पत्नी पड़ोस में किसी काम से गई हुई थीं। सूना मकान पाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हो गए। इसके बाद चोरों ने कमरे का दरवाजा खोलकर अंदर रखा बक्सा तोड़ डाला। चोर बक्से में रखे 10 हजार रुपये नकद, सोने की गले की चेन, कर्णफूल, बाली, अंगूठी और चांदी की पायल सहित करीब दो लाख रुपये के आभूषण चुरा ले गए।

ग्रामीणों में दहशत, इलिया पुलिस जांच में जुटी
जब गृहस्वामिनी घर लौटीं तो टूटा ताला देखकर स्तब्ध रह गईं। अंदर सामान गायब देखकर उन्होंने रोना-चिल्लाना शुरू किया और पति व ग्रामीणों को जानकारी दी। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची इलिया पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। 

नवागत थाना प्रभारी और पुलिस बल के लिए यह घटना एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। इलिया के प्रभारी निरीक्षक हरिनारायण पटेल ने बताया कि चोरी की इस घटना की हर पहलू से जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।