Diwali Accident: दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं, अनियंत्रित ऑटो की टक्कर से 19 वर्षीय अनुराग की मौत, दुकान के बाहर पटाखे छोड़ रहा था युवक, सिर में चोट से ट्रामा सेंटर में तोड़ा दम
चंदौली चकिया सैदूपुर बाजार में दीपावली रात 10:30 बजे अनियंत्रित ऑटो की टक्कर से 19 वर्षीय अनुराग केशरी गंभीर घायल, वाराणसी ट्रामा सेंटर में मौत, ग्रामीणों ने नशे में चालक समेत ऑटो पकड़ा।
दीपावली की खुशियां मातम में बदलीं
अनियंत्रित ऑटो की टक्कर से मौत
19 वर्षीय अनुराग केशरी की मौत
सैदूपुर बाजार में दर्दनाक हादसा
ग्रामीणों ने चालक समेत ऑटो पकड़ा
चंदौली जिला के चकिया कोतवाली अंतर्गत सैदूपुर बाजार में दीपावली की रात एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप सरैया कस्बे में गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे अनियंत्रित ऑटो की टक्कर से 19 वर्षीय अनुराग केशरी गंभीर रूप से घायल हो गया। वाराणसी के ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार की दीपावली की खुशियां मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार महेंद्र केशरी का पुत्र अनुराग दीपावली की रात अपनी किराना दुकान के बाहर पटाखे छोड़ रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ऑटो ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से अनुराग सड़क पर गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट आई। हादसे के बाद चालक ऑटो लेकर भागने लगा, लेकिन ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे ऑटो समेत पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों के अनुसार चालक नशे की हालत में था।
अस्पताल में तोड़ा दम
परिजन घायल अनुराग को तत्काल जिला संयुक्त चिकित्सालय चकिया ले गए। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। घर में दीपावली की सजावट और खुशियों के बीच मातम छा गया।
तीन भाइयों में सबसे छोटा था अनुराग
अनुराग तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके बड़े भाई रोहित केशरी और मोहित केशरी हैं। वह बीए की पढ़ाई करने के साथ ही अपने पिता के पैतृक किराना व्यवसाय में भी सहयोग करता था। परिवार को इस होनहार बेटे से काफी उम्मीदें थीं। उसकी असमय मौत से माता-पिता और भाइयों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
पुलिस ने ऑटो और चालक को पकड़ा
घटना की सूचना पर चौकी प्रभारी अनिल कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ऑटो और चालक को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। हादसे के बाद सैदूपुर बाजार में शोक का माहौल है। दीपावली की रात जिस घर में उजाले का पर्व मनाया जा रहा था, वहां अब बेटे को खोने का अंधेरा छा गया है।