शीशम के सूखे पेड़ से लोगों को खतरा, दुर्घटना को दे रहा है दावत
 

स्थानीय निवासी सिकंदर ने बताया कि आज बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। मेरे सामने एक मैजिक वाहन जा रहा था, जो इस पेड़ की टहनी से टकरा गई।
 

शहाबगंज विकासखंड के लेवा इलिया मार्ग पर है पेड़

वन विभाग नहीं दे रहा है ध्यान

धीरे-धीरे खिसक रहा है सूखा पेड़

चंदौली जिले के शहाबगंज विकासखंड के सिहोरिया (सुबंथा) मोड़ के पास लेवा इलिया मार्ग पर एक सूखा शीशम का पेड़ दुर्घटना को दावत दे रहा है। आंधी पानी के मौसम में यह पेड़ किसी भी समय गिर सकता है, जिससे संभावित दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

 स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, यह पेड़ लंबे समय से सूखा हुआ है और धीरे-धीरे अपनी जगह से खिसक रहा है। इस पेड़ के गिरने की स्थिति में राहगीरों, वाहन चालकों और आसपास के लोगों की सुरक्षा को गंभीर खतरा हो सकता है। यह मोड़ एक व्यस्त मार्ग पर स्थित है, जहां दिनभर सैकड़ों वाहन और पैदल यात्री गुजरते हैं। अचानक पेड़ के गिरने से जान-माल का भारी नुकसान हो सकता है।

स्थानीय निवासी सिकंदर ने बताया कि आज बड़ी दुर्घटना होते-होते बची। मेरे सामने एक मैजिक वाहन जा रहा था, जो इस पेड़ की टहनी से टकरा गई। गाड़ी पूरब-दक्षिण दिशा की ओर घूम गई, लेकिन अनहोनी टल गई। बारिश के कारण पेड़ की टहनियां और भी लटक रही हैं, जिससे किसी भी समय बड़ी घटना घट सकती है।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से शीघ्र ही इस पेड़ को हटाने की मांग की है ताकि संभावित दुर्घटनाओं से बचा जा सके। इस सम्बंध में वन दरोगा सुरेंद्र कुमार राव से जब वार्ता की गयी तो उन्होंने ने बताया कि जर्जर पेड़ के बारे में जानकारी मिली है शनिवार तक इस सूखे पेड़ को हटवा दिया जाएगा।