इलिया बाजार में बिजली कटौती: जर्जर तार टूटने से दो दिनों से अंधेरे में डूबा उत्तरी हिस्सा
चंदौली के इलिया कस्बा बाजार में जर्जर एलटी तार टूटने से पिछले दो दिनों से बिजली गुल है। भीषण गर्मी और उमस के बीच दर्जनों घरों के लोग अंधेरे में रहने और पानी की किल्लत झेलने को मजबूर हैं।
इलिया बाजार का उत्तरी हिस्सा अंधेरे में
दो दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप
ओवरलोडिंग से बार-बार जल रहा जर्जर तार
उमस भरी गर्मी से जनता बेहाल, पेयजल संकट
उत्तर प्रदेश के चंदौली जिला अंतर्गत इलिया कस्बा बाजार के उत्तरी भाग में रहने वाले लोगों के लिए बिजली आपूर्ति की बदहाली इन दिनों बड़ी आफत बन गई है। इलाके की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है, जिससे स्थानीय उपभोक्ताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। हालत यह है कि पिछले दो दिनों से क्षेत्र के दर्जनों घरों की बत्ती पूरी तरह से गुल है और लोग इस भीषण व उमस भरी गर्मी में बिना बिजली के रहने को विवश हैं।
ओवरलोडिंग और जर्जर तार बने बड़ी मुसीबत
स्थानीय निवासियों के अनुसार, बाजार के उत्तरी हिस्से में बिजली की सप्लाई के लिए 63 केवीए का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इस ट्रांसफार्मर से जो एलटी लाइन के तार निकले हैं, वे काफी पुराने और पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। आजकल गर्मी बढ़ने के कारण बिजली का लोड काफी बढ़ गया है, जिसे यह कमजोर तार झेल नहीं पा रहे हैं। नतीजा यह हो रहा है कि तार अत्यधिक लोड की वजह से बार-बार जलकर टूट जा रहे हैं और पूरी सप्लाई ठप हो जाती है।
जुगाड़ से चल रहा काम, बड़े हादसे का डर
क्षेत्र के रहने वाले पिंटू गुप्ता, हनुमान चौरसिया, पवन कुमार, संदीप गुप्ता, अशोक गुप्ता और दिनेश कुमार समेत कई अन्य लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग नए तार लगाने के बजाय पुराने टूटे तारों को ही जोड़कर किसी तरह काम चला रहा है। विभाग के इस कामचलाऊ रवैये से समस्या का कोई परमानेंट इलाज नहीं हो पा रहा है। इससे कभी भी कोई बड़ा हादसा होने का डर बना रहता है।
गर्मी और उमस के बीच पेयजल का गहराया संकट
लगातार दो दिनों से बिजली गुल रहने की वजह से लोगों के घरों में लगे पानी के पंप (टुल्लू मोटर), पंखे और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह शोपीस बन गए हैं। पानी की एक-एक बूंद के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है। इस तपती गर्मी और उमस ने बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं की स्थिति को और ज्यादा दयनीय बना दिया है।
अवर अभियंता का आश्वासन: जल्द होगा स्थायी समाधान
इस पूरे मामले पर जब बिजली विभाग के अवर अभियंता (JE) विनोद कुमार से बात की गई, तो उन्होंने बताया कि ट्रांसफार्मर पर लोड ज्यादा होने के कारण एलटी तार बार-बार जलकर टूट रहा है। विभाग इस समस्या को लेकर गंभीर है और जल्द ही इस पर जरूरी कदम उठाते हुए कोई पक्का और स्थायी समाधान निकाला जाएगा। वहीं, स्थानीय जनता ने मांग की है कि यहां जल्द से जल्द नया केबल या तार लगाया जाए ताकि बिजली संकट से राहत मिल सके।