धीरेश्वर नाथ मंदिर में चोरों का धावा, पीतल के आधा दर्जन घंटे उड़ाए, दानपेटी भी तोड़ी

 

चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के खरौझा गांव में चोरों ने धीरेश्वर नाथ मंदिर से पीतल के आधा दर्जन से ज्यादा घंटे चुरा लिए। चोरों ने पास के एक स्कूल के किचन का ताला भी तोड़ा है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है। पूरी खबर पढ़ें।

 
 

धीरेश्वर नाथ मंदिर में बड़ी चोरी

पीतल के आधा दर्जन घंटे गायब

मंदिर की दानपेटी भी तोड़ी गई

सरकारी स्कूल का ताला टूटा मिला

चोरों की तलाश में जुटी पुलिस

 चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत खरौझा गांव में सोमवार की रात अज्ञात चोरों ने एक बड़ी दुस्साहसिक वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने गांव में स्थित प्रसिद्ध धीरेश्वर नाथ मंदिर को निशाना बनाते हुए वहां टंगे पीतल के आधा दर्जन से अधिक घंटे चुरा लिए।

इतना ही नहीं, चोरों ने मंदिर के पास ही स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय के किचन का भी ताला तोड़ डाला। इस घटना की जानकारी जैसे ही मंगलवार की सुबह ग्रामीणों को हुई, पूरे इलाके में तनाव और आक्रोश फैल गया। ग्राम प्रधान राजन सिंह ने इस मामले में इलिया थाने की पुलिस को लिखित तहरीर देकर चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी तो खुली पोल
रोजाना की तरह मंगलवार की सुबह धीरेश्वर नाथ मंदिर के पुजारी दीना पाठक जब पूजा-अर्चना और मंदिर परिसर की साफ-सफाई करने के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। मंदिर परिसर में लगे दो बड़े पीतल के घंटे और पांच छोटे घंटे अपनी जगह से गायब थे।

जब उन्होंने अंदर जाकर देखा तो मंदिर की दानपेटी का ताला भी टूटा हुआ मिला। राहत की बात यह रही कि दानपेटी में पहले से कोई धनराशि (कैश) नहीं थी, जिसके कारण चोरों के हाथ वहां से कुछ नहीं लगा और वे सिर्फ पीतल के घंटे लेकर ही रफूचक्कर हो गए।

50 मीटर दूर सरकारी स्कूल में भी बोला धावा
धीरेश्वर नाथ मंदिर में हाथ साफ करने के बाद चोरों ने मंदिर से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित पूर्व माध्यमिक विद्यालय का भी रुख किया। चोरों ने स्कूल के किचन (रसोई घर) का ताला कटर या किसी औजार से तोड़ दिया।

हालांकि, सुबह जब स्कूल स्टाफ पहुंचा तो छानबीन में पता चला कि स्कूल के भीतर से किसी भी सामान की चोरी नहीं हुई है। चोरों ने सिर्फ ताला तोड़ा लेकिन सामान ले जाने में नाकाम रहे। स्कूल के प्रधानाचार्य हौसला पांडेय ने भी इस घटना की पूरी जानकारी लिखित रूप में स्थानीय पुलिस को दे दी है।

चोरों को जल्द पकड़ने का पुलिस का दावा
इस पूरी वारदात को लेकर इलिया के थानाध्यक्ष चंदन राय ने बताया कि खरौझा गांव के मंदिर से एक बड़ा पीतल का घंटा और करीब चार-पैसे छोटे घंटे चोरी होने की लिखित सूचना मिली है। इसके साथ ही पास के स्कूल के किचन का भी ताला टूटा पाया गया है, लेकिन वहां से कोई सामान गायब नहीं है। पुलिस ने दोनों शिकायतों को दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।