ओवरलोडिंग और स्पार्किंग का कहर: इलिया में धू-धू कर जले बिजली के केबिल, पूरे कस्बे की बिजली गुल

 

चंदौली के इलिया कस्बे में गुरुवार देर शाम ट्रांसफार्मर के पास भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। ओवरलोडिंग के कारण हुई स्पार्किंग और जमा कूड़े ने आग को विकराल बना दिया, जिससे बाजार की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई है।

 
 

मुख्य ट्रांसफार्मर के केबिल में लगी भीषण आग

ओवरलोडिंग और स्पार्किंग बनी हादसे की वजह

इलिया बाजार की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप

कूड़े के ढेर ने आग को बनाया विकराल

चंदौली जनपद के इलिया कस्बे में गुरुवार की देर शाम एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। कस्बे के मुख्य चौराहे के पास स्थित ट्रांसफार्मर के केबिल में अचानक भीषण आग लग गई। चिलचिलाती गर्मी के कारण 100 और 250 केवीए के ट्रांसफार्मरों पर अत्यधिक लोड होने से केबिल में जोरदार स्पार्किंग हुई। आग की चिंगारी पास में ही जमा कूड़े के ढेर पर गिरी, जिससे आग ने तुरंत विकराल रूप धारण कर लिया और ऊपर से गुजर रहे इनकमिंग व आउटगोइंग केबिलों को अपनी चपेट में ले लिया।

बाजार में मची अफरा-तफरी
जैसे ही आग की लपटें ऊंची उठने लगीं, पूरे इलिया बाजार में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। दुकानदारों ने आनन-फानन में अपनी दुकानों के शटर गिरा दिए और सुरक्षित दूरी पर चले गए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि ट्रांसफार्मर से जुड़े उपकरण जलने लगे। स्थिति को भांपते हुए विद्युत उपकेंद्र से आपूर्ति को तत्काल बंद कराया गया। स्थानीय नागरिकों ने साहस दिखाते हुए निजी संसाधनों से आग बुझाने की कोशिश की, जिससे आग को फैलने से रोका जा सका।

लापरवाही पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर के ठीक नीचे लंबे समय से गंदगी और कूड़े का अंबार लगा हुआ था। कई बार शिकायत के बावजूद सफाई नहीं कराई गई। यदि कूड़े का ढेर वहां नहीं होता, तो स्पार्किंग के बावजूद आग इतनी तेजी से नहीं फैलती। घटना के बाद से पूरे बाजार क्षेत्र की बिजली गुल है, जिससे इस भीषण गर्मी में आम जनजीवन और व्यापारिक गतिविधियां पूरी तरह ठप हो गई हैं।

विद्युत विभाग की सफाई और बहाली का दावा
इस मामले में इलिया क्षेत्र के अवर अभियंता विनोद कुमार ने बताया कि गर्मी और ओवरलोड के कारण केबिल क्षतिग्रस्त हुए हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि नई केबिल मंगाकर मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। जांच की जाएगी कि किन कारणों से स्पार्किंग हुई और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। हालांकि, ग्रामीण अब ट्रांसफार्मर की घेराबंदी करने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की मांग कर रहे हैं ताकि भविष्य में जान-माल का नुकसान न हो।