विवाहिता मधु की संदिग्ध मौत: दाह संस्कार से ठीक पहले पहुंची इलिया पुलिस, मायके पक्ष ने लगाया हत्या का आरोप
चंदौली के इलिया क्षेत्र में 32 वर्षीय मधु द्विवेदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पति सोनभद्र गया था और परिजन अंतिम संस्कार की तैयारी में थे, तभी मायके वालों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया।
कवलपुरवा गांव में विवाहिता की मौत
दाह संस्कार से पहले पहुंची पुलिस
मृतका के भाई ने लगाया आरोप
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
दो मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया
चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र अंतर्गत कवलपुरवा गांव में शनिवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया जब 32 वर्षीय मधु द्विवेदी अपने कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाई गईं। परिजनों के अनुसार, सुबह जब घर के लोग कमरे में पहुंचे तो मधु मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं। यह देखते ही घर में चीख-पुकार और कोहराम मच गया।
बहन के घर गया था पति, अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी
घटना के समय मृतका का पति धर्मेंद्र द्विवेदी घर पर मौजूद नहीं था। वह शुक्रवार को रक्षाबंधन के पावन पर्व पर अपनी बहन से राखी बंधवाने सोनभद्र जिले गया हुआ था। शनिवार सुबह पत्नी की मौत की खबर मिलते ही वह आनन-फानन में घर लौटा। इसके बाद परिजन शव के अंतिम संस्कार और दाह संस्कार की तैयारियों में जुट गए।
मायके पक्ष ने दी पुलिस को सूचना, मौके पर पहुंची टीम
इसी दौरान बस्ती जिले के रहने वाले मृतका के भाई प्रशांत पाठक को बहन मधु की मौत की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत मामले की जानकारी इलिया थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची और दाह संस्कार की तैयारियों के बीच शव को अपने कब्जे में ले लिया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मासूमों का रो-रोकर बुरा हाल, पुलिस जांच में जुटी
धर्मेंद्र और मधु की शादी 10 वर्ष पूर्व हुई थी। मां की अचानक हुई मौत के बाद आठ वर्षीय बेटे अयान और पांच वर्षीय इंयांश का रो-रोकर बुरा हाल है। इस संबंध में थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि भाई प्रशांत पाठक की तहरीर पर ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया गया है। मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो सकेगी, फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।