फिल्मी स्टाइल में पीछा कर वन विभाग ने पकड़ा अवैध गिट्टी लदा टीपर, टीम को देख अंधेरे में भागा चालक

 

चंदौली के चकिया-अहरौरा मार्ग पर देर रात वन विभाग ने संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर अवैध गिट्टी लदे एक तेज रफ्तार टीपर को पकड़ा है। वन कर्मियों द्वारा पीछा करने पर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया, जिसके बाद विभागीय जांच तेज कर दी गई है।
 

 

चकिया-अहरौरा मार्ग पर वन विभाग की कार्रवाई

देर रात संयुक्त टीम ने चलाया चेकिंग अभियान

पीछा कर मुरारपुर गांव के समीप पकड़ा टीपर

अवैध गिट्टी छोड़कर अंधेरे में भागा चालक

खनन कारोबारियों और माफियाओं में मचा हड़कंप

चंदौली जनपद के चकिया तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन पर नकेल कसने के लिए वन विभाग ने कमर कस ली है। इसी क्रम में चन्द्रप्रभा और चकिया वन रेंज की संयुक्त टीम ने बुधवार की देर रात एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। टीम ने चकिया-अहरौरा मार्ग पर वन उपज एवं खनिज पदार्थों के अवैध परिवहन की रोकथाम के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया, जिससे खनन कारोबारियों में हड़कंप मच गया।

फिल्मी स्टाइल में पीछा कर पकड़ा संदिग्ध वाहन
अभियान के दौरान रात करीब 10:40 बजे संयुक्त टीम को एक संदिग्ध टीपर तेज रफ्तार में आता हुआ दिखाई दिया। वन विभाग की टीम ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो चालक ने गाड़ी रोकने के बजाय मुड़हुआ दक्षिणी की तरफ मोड़कर भगाने का प्रयास किया। वन कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए फौरन सरकारी गाड़ी से टीपर का पीछा शुरू किया और काफी दूरी तक खदेड़ने के बाद मुरारपुर गांव के पास उसे रोक लिया।

अंधेरे का फायदा उठाकर भागा चालक
जैसे ही वन विभाग की टीम टीपर के पास पहुंची, चालक रात के अंधेरे का फायदा उठाकर वाहन छोड़कर मौके से भागने में सफल रहा। जांच करने पर गाड़ी में अवैध रूप से ओवरलोड पत्थर की गिट्टी लदी पाई गई। वन विभाग ने बिना वैध कागजात के परिवहन कर रहे टीपर को अपने कब्जे में ले लिया है और चालक व वाहन स्वामी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में विभागीय कानूनी जांच शुरू कर दी है।

कार्रवाई के बाद विभाग की चेतावनी
इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में क्षेत्रीय वनाधिकारी अखिलेश दूबे, अश्विनी चौबे, डिप्टी रेंजर आनंद दूबे, वन दरोगा रामचरित्र, शिवबख्श, और अमित राठौर सहित वन विभाग के तमाम कर्मचारी शामिल रहे। अधिकारियों ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध खनन और गिट्टी के अवैध परिवहन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके चलते यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। आगे भी ऐसा अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।