चंदौली में HDFC बैंक की बड़ी सौगात: 'परिवर्तन' CSR पहल के तहत चकिया में शुरू हुआ समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम, DM ने किया उद्घाटन।
चंदौली के चकिया विकास खंड में एचडीएफसी बैंक ने अपनी सीएसआर पहल 'परिवर्तन' के तहत समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम (IRDP) का शुभारंभ किया है। इस योजना से शिकारगंज क्षेत्र के करीब 1500 परिवारों को कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में सीधा लाभ मिलेगा।
'संकल्प से सिद्धि' कार्यक्रम के सातवें दिन ग्रामीण विकास पहल की शुरुआत
चकिया विकास खंड (शिकारगंज क्षेत्र) के 12 चयनित गांवों में होगा क्रियान्वयन
अर्पण सेवा संस्थान (NGO) के सहयोग से HDFC बैंक चलाएगा अभियान
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने फीता काटकर किया कार्यक्रम का उद्घाटन
84 एकड़ कृषि भूमि पर सौर सिंचाई और 1500 से अधिक परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ
चंदौली जनपद चंदौली के ग्रामीण क्षेत्रों को आत्मनिर्भर और साधन संपन्न बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। "संकल्प से सिद्धि" कार्यक्रम के सातवें दिन, एचडीएफसी (HDFC) बैंक ने अपनी प्रमुख कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) पहल ‘परिवर्तन’ के अंतर्गत चकिया विकास खंड में समेकित ग्रामीण विकास कार्यक्रम (IRDP) का भव्य शुभारंभ किया। अर्पण सेवा संस्थान (NGO) के सहयोग से शिकारगंज क्षेत्र के 12 चयनित ग्रामों में इस महत्वाकांक्षी योजना को धरातल पर उतारा जाएगा। कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन जिलाधिकारी (DM) चंद्रमोहन गर्ग और आर. जगत साई द्वारा फीता काटकर किया गया।
रोजगार सृजन और आधारभूत ढांचे पर जोर
जिलाधिकारी चंद्रमोहन गर्ग ने अपने संबोधन में बताया कि इस बड़ी परियोजना के जरिए ग्रामीणों को भूमि, पशुपालन, मत्स्य पालन, उद्यान और स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जोड़कर रोजगार के नए अवसर पैदा किए जाएंगे। योजना का मुख्य लक्ष्य क्षेत्र के करीब 1500 से 1600 परिवारों के जीवन स्तर को ऊंचा उठाना है।
इस योजना के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और कृषि के क्षेत्र में व्यापक बदलाव किए जाएंगे। गांवों में स्थित प्राथमिक और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (PHC/CHC) के आधारभूत ढांचे को अत्याधुनिक बनाया जाएगा। इसके अलावा, स्थानीय प्राथमिक विद्यालयों को 'मॉडल स्कूल' के रूप में विकसित करते हुए 'स्मार्ट स्कूल' और 'स्मार्ट आंगनबाड़ी' की स्थापना की जाएगी।
कृषि में आधुनिकीकरण और सतत विकास
कार्यक्रम की प्रमुख विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि लगभग 84 एकड़ कृषि भूमि को सोलर आधारित जल उठान पंपों के माध्यम से सिंचाई सुविधा से जोड़ा जा रहा है। गांवों में सोलर स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी और 'किसान फील्ड स्कूल (FFS)' के जरिए किसानों को आधुनिक कृषि का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एचडीएफसी बैंक के क्लस्टर हेड बालमुकुंद राय ने कहा कि बैंक 'परिवर्तन' के माध्यम से सतत विकास, समावेशी प्रगति और सामुदायिक सशक्तिकरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को लगातार मजबूत कर रहा है। इस भव्य कार्यक्रम का सफल संचालन शाखा प्रबंधक मनोज कुमार ने किया, जबकि सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत रिलेशनशिप मैनेजर सौरभ श्रीवास्तव द्वारा किया गया।