सास, ससुर, देवर और पति दहेज उत्पीड़न के आरोप में गिरफ्तार, पूजा मौर्या की मौत के मामले में एक्शन
विवाहिता की संदिग्ध मौत से गांव में सनसनी
दहेज की मांग को लेकर चल रहा था विवाद
मायके पक्ष ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सास, ससुर, देवर और पति गिरफ्तार, केस दर्ज
चंदौली जिले के चकिया के भीषमपुर गांव में शनिवार को हुई विवाहिता पूजा मौर्या की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। रविवार को पुलिस ने मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर सास, ससुर, देवर और पति को दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
आपको बता दें कि शनिवार को पूजा मौर्या का शव घर में साड़ी के फंदे से लटका मिला था। बताया जाता है कि ससुराल पक्ष के लोग शव को गाड़ी में रखकर अस्पताल ले जा रहे थे, तभी पुलिस ने बीच रास्ते में गाड़ी रोक ली और शव को कब्जे में ले लिया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया।
मृतका के पिता राम प्रकाश मौर्या, निवासी गौरी गांव (थाना बबुरी), ने बताया कि उनकी पुत्री पूजा की शादी वर्ष 2022 में भीषमपुर निवासी अजय मौर्या से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित कर रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार उत्पीड़न से तंग आकर उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। पूजा के दो वर्ष के पुत्र शिओम के सिर से अब मां का साया उठ गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन पिता राम प्रकाश, मां आराधना देवी, बहनें आरती और अर्चना मौर्या तथा भाई नीरज मौर्या अस्पताल पहुंचे और न्याय की गुहार लगाई।
इस संबंध में कोतवाल अर्जुन सिंह ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर सास, ससुर, देवर और पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न और हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।