पति को बिना बताए नसबंदी कराना चाहती थी बीवी, अस्पताल में जमकर हुआ हंगामा
नसबंदी कराने पहुंची महिला के पति ने किया हंगामा
पुलिस ने समझा-बुझाकर ऑपरेशन रुकवाया
स्वास्थ्य केंद्र पर दिखा अफरा-तफरी का माहौल
चंदौली जिला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शहाबगंज में उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब एक महिला नसबंदी कराने के लिए अस्पताल पहुँची। बताया जाता है कि सकलडीहा थाना क्षेत्र के सेवखर गांव निवासी सतीश की पत्नी चंद्रकला गुरुवार को नसबंदी ऑपरेशन के लिए शहाबगंज स्वास्थ्य केंद्र पहुँची थी। इसी दौरान किसी तरह जानकारी मिलने पर उसका पति सतीश भी मौके पर पहुँच गया।
इस दौरान पत्नी चंद्रकला को ऑपरेशन थिएटर की ओर जाते देख सतीश ने हंगामा शुरू कर दिया और अस्पताल कर्मियों से तीखी नोकझोंक करने लगा। मामला बढ़ता देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची शहाबगंज पुलिस ने पति-पत्नी दोनों को समझाने का प्रयास किया और स्थिति को शांत कराया।
काफी समझाने-बुझाने के बाद चंद्रकला ने फिलहाल नसबंदी न कराने का निर्णय लिया। पुलिस के हस्तक्षेप से किसी तरह विवाद शांत हुआ। स्वास्थ्य केंद्र पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। बाद में स्थिति सामान्य होने पर अन्य महिलाओं की नसबंदी प्रक्रिया संपन्न कराई गई।