चकिया में अवैध पैथोलॉजी सेंटर सील, स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

बुधवार को हेतिमपुर गांव स्थित आस्था पैथोलॉजी सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच में यह केंद्र बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया, जिसके बाद टीम ने इसे सील कर दिया।
 

हेतिमपुर गांव में छापेमारी से मचा हड़कंप

बिना पंजीकरण के चल रहा था आस्था पैथोलॉजी सेंटर

नियम विरुद्ध संचालन पर केंद्र को किया गया सील

चंदौली जिले के चकिया नगर और विकासखंड क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित हो रहे स्वास्थ्य केंद्रों और पैथोलॉजी जांचघरों पर आखिरकार स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार को हेतिमपुर गांव स्थित आस्था पैथोलॉजी सेंटर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। जांच में यह केंद्र बिना पंजीकरण के संचालित पाया गया, जिसके बाद टीम ने इसे सील कर दिया।

बताया जा रहा है कि क्षेत्र में लंबे समय से ऐसे अवैध पैथोलॉजी सेंटर और क्लीनिक धड़ल्ले से संचालित हो रहे हैं, जिससे न केवल नियमों की धज्जियां उड़ रही हैं, बल्कि मरीजों की जिंदगी से भी खिलवाड़ किया जा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग को आईजीआरएस पोर्टल पर शिकायत मिली थी कि हेतिमपुर गांव में एक निजी जांचघर अवैध ढंग से चलाया जा रहा है। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने जांच के आदेश दिए। इसके बाद प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास सिन्हा के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची।

टीम के पहुंचते ही जांचघर पर अफरा-तफरी मच गई। निरीक्षण में केंद्र के पास वैध पंजीकरण और आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। ऐसे में डॉ. विकास सिन्हा के निर्देश पर पैथोलॉजी सेंटर को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध ढंग से संचालित हो रहे ऐसे अस्पतालों और पैथोलॉजी सेंटरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियम विरुद्ध संचालित किसी भी स्वास्थ्य केंद्र को बख्शा नहीं जाएगा।