लतीफशाह बांध हुआ ओवरफ्लो: तेज बहाव में नहाने उतरे सैलानी तो बारिश में भीगते हुए लाउडस्पीकर से अलर्ट करते दिखे चकिया SDM
चंदौली के लतीफशाह बांध पर लगातार हो रही बारिश से ओवरफ्लो का खूबसूरत नजारा देखने सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। तेज बहाव में नहाते लोगों को देखकर चकिया एसडीएम विकास मित्तल ने खुद मोर्चा संभालते हुए लाउडस्पीकर से सख्त चेतावनी दी।
लतीफशाह बांध में ओवरफ्लो का मनोहारी दृश्य
सुरक्षा चेतावनियों को नजरअंदाज कर पानी में उतरे लोग
बारिश में भीगते हुए एसडीएम ने किया अलर्ट
लाउडस्पीकर से अनाउंसमेंट कर दी कड़ी हिदायत
लतीफशाह बांध परिसर में बढ़ाई गई निगरानी
चंदौली जिले में पिछले कई दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण पूरे क्षेत्र का मौसम हरा-भरा और सुहाना हो गया है। बारिश के इस मौसम में लतीफशाह बांध से लगातार ओवरफ्लो होकर गिर रहे पानी का मनोहारी दृश्य देखने के लिए बृहस्पतिवार को सैलानियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हालांकि इस दौरान कुछ सैलानियों ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा चेतावनियों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया। वे बांध के निचले और पूर्वी छोर की ओर उतर गए और पानी के बेहद तेज बहाव के बीच उतरकर नहाने लगे, जिससे बड़ा हादसा होने का खतरा बन गया।
बारिश में भीगते हुए एसडीएम ने संभाला मोर्चा
तेज पानी के बीच सैलानियों के जान जोखिम में डालकर नहाने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आ गया। चकिया के एसडीएम विकास मित्तल बिना देरी किए सीधे मौके पर पहुंचे। एसडीएम ने बारिश की परवाह किए बिना खुद भीगते हुए हाथ में लाउडस्पीकर थामा और लगातार अनाउंसमेंट कर लोगों को सतर्क किया। उन्होंने पानी में उतरे और किनारे खड़े सैलानियों से तेज बहाव वाले खतरनाक स्थानों से तुरंत पीछे हटने की अपील की।
जान जोखिम में न डालने की सख्त हिदायत
मौके से सैलानियों को हिदायत देते हुए एसडीएम विकास मित्तल ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों और आसपास लगातार हो रही बारिश के कारण नदी का जलस्तर कभी भी अचानक तेजी से बढ़ सकता है। ऐसी स्थिति में तेज बहाव के पास जाना या पानी में उतरना जानलेवा साबित हो सकता है।
उन्होंने वहां मौजूद युवाओं और पर्यटकों को साफ शब्दों में कहा कि वे सिर्फ फोटो या सेल्फी लेने और नहाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में न डालें।
सुरक्षा के लिए बांध परिसर में निगरानी बढ़ाई गई
लतीफशाह बांध के ओवरफ्लो होने से वहां गिरते पानी का झरना जैसा नजारा इन दिनों लोगों को बहुत आकर्षित कर रहा है। इसी वजह से यहां हर दिन काफी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। हालांकि, सैलानियों की सुरक्षा अब प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है।
एसडीएम के निर्देश पर राजस्व कर्मियों और सिंचाई विभाग के कर्मचारियों की टीम को मौके पर तैनात किया गया है, जो लोगों को खतरनाक इलाकों में जाने से रोक रहे हैं। प्रशासन ने पूरे बांध परिसर में निगरानी बढ़ा दी है और सैलानियों से सुरक्षित दूरी बनाकर प्राकृतिक खूबसूरती का आनंद लेने की अपील की है।