25 अक्टूबर को मां शक्ति गौरी के श्रृंगार महोत्सव में जुटेंगे दिग्गज, राज्यमंत्री संजीव गोड़ और सांसद विनोद बिंद होंगे मुख्य अतिथि

 

चकिया के गांधीनगर में 25 अक्टूबर को मां शक्ति गौरी का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव और भव्य भंडारा आयोजित होगा। शोभायात्रा, कन्या पूजन के साथ रात में भक्ति गायकों की प्रस्तुतियां होंगी।

 
 

गांधीनगर में मां शक्ति गौरी महोत्सव

25 अक्टूबर को भव्य शोभायात्रा और भंडारा

राज्यमंत्री संजीव गोड़ होंगे मुख्य अतिथि

पूर्वांचल के मशहूर गायक देंगे प्रस्तुतियां

ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह

चंदौली जिले के चकिया कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत गांधीनगर में आगामी 25 अक्टूबर को मां शक्ति गौरी (मां दुर्गा) का वार्षिक श्रृंगार महोत्सव और विशाल भंडारा बड़े ही धूमधाम से आयोजित किया जाएगा। इस धार्मिक उत्सव को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं। आयोजन को लेकर पूरे गांधीनगर और आसपास के ग्रामीण इलाकों में भक्तिमय माहौल है।

सुबह शोभायात्रा से होगी शुरुआत, दोपहर में कन्या पूजन और भंडारा
महोत्सव के दिन 25 अक्टूबर को सुबह 9 बजे गांधीनगर से एक भव्य शोभायात्रा और सुंदर झांकी निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा मंगरौर स्थित मां मंगला गौरी मंदिर होते हुए कोटी देवी मंदिर पहुंचेगी, जहां विधि-विधान से हवन-पूजन किया जाएगा। इसके बाद दोपहर 12 बजे कन्या पूजन होगा और दोपहर 2 बजे से विशाल भंडारा शुरू होगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण करेंगे।

भक्ति संध्या में गूंजेंगे पूर्वांचल के मशहूर गायकों के सुर
धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ रात 8 बजे से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इसमें चंदौली के गायक रामजनम जांबाज, देवरिया की गायिका सरोज सरगम, गाजीपुर के गायक राहुल यादव, गायिका रजनी गंधा, गायक जसवंत यादव और वाराणसी की गायिका खुशी सिंह अपनी सुरीली आवाज में भक्ति गीतों की शानदार प्रस्तुतियां देंगे।

राज्यमंत्री संजीव गोड़ और सांसद विनोद बिंद होंगे शामिल
इस भव्य आयोजन में कई प्रमुख राजनीतिक व सामाजिक हस्तियां शिरकत करेंगी। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाज कल्याण राज्यमंत्री संजीव कुमार गोड़ होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में भदोही सांसद डॉ. विनोद बिंद, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष छत्रबली सिंह, एसटी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. शम्भूनाथ गौड़ और जिला पंचायत सदस्य डॉ. कुन्दन गोड़ मौजूद रहेंगे। 

ग्रामवासियों और आयोजकों के सहयोग से हो रहा आयोजन
मां शक्ति गौरी का यह वार्षिक श्रृंगार महोत्सव पिन्टू बाबा के सौजन्य से तथा निवेदक कृष्णा सिंह गौड़, समस्त ग्रामवासियों और क्षेत्रवासियों के आपसी सहयोग से संपन्न कराया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां का दर्शन-पूजन करने और भंडारे का प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।