चंदौली में 'हरियाली महायज्ञ' का शंखनाद: कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 3 पौधे लगाकर किया  70 लाख वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ

 

चंदौली के जलेबिया मोड़ पर कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' की शुरुआत की। जिले में 70 लाख से अधिक पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें वन विभाग और अन्य विभाग मिलकर काम कर रहे हैं।

 
 

जलेबिया मोड़ पर भव्य शुरुआत

मंत्री अनिल राजभर रहे मौजूद

70 लाख से ज्यादा का लक्ष्य

'एक पेड़ मां के नाम' अपील

कई विभागों को मिली जिम्मेदारी

उत्तर प्रदेश सरकार के वृहद वृक्षारोपण अभियान को रफ्तार देने के लिए चंदौली जिले में एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चकिया तहसील के जलेबिया मोड़ के पास रविवार सुबह 11:00 बजे 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का भव्य शुभारंभ हुआ। इस बेहद खास मौके पर सूबे के कैबिनेट मंत्री श्रम एवं सेवायोजन तथा समन्वय विभाग श्री अनिल राजभर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने जिले के लोगों से पर्यावरण बचाने की इस मुहिम से जुड़ने की अपील की।

गणमान्य लोगों की मौजूदगी में जला दीप
कार्यक्रम स्थल पर पहुँचने पर कंपोजिट विद्यालय चकिया के बच्चों ने फूलों का गुलदस्ता देकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद मंत्री अनिल राजभर, चकिया विधायक कैलाश आचार्य, पीडीडीयू नगर विधायक रमेश जायसवाल, ब्लॉक प्रमुख, चेयरमैन चकिया, भाजपा जिलाध्यक्ष काशी नाथ सिंह, जिलाधिकारी चन्द्र मोहन गर्ग, मुख्य विकास अधिकारी आर जगत साईं और प्रभागीय वनाधिकारी बी. शिव शंकर ने मिलकर दीप जलाकर कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन किया।

पीपल, बरगद और पाकड़ लगाकर शुरुआत
जनता को संबोधित करते हुए मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि पेड़ ही हमारे जीवन का असली आधार हैं। उन्होंने खुद एक साथ पीपल, पाकड़ और बरगद के तीन पौधे रोपकर इस महाअभियान की शुरुआत की। उन्होंने जोर देकर कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे बचाना सबसे बड़ा काम है। मंत्री ने भावुक अपील करते हुए कहा कि हर इंसान "एक पेड़ माँ के नाम" पर अपने घर, खेत या तालाब के किनारे एक पौधा जरूर लगाए। उन्होंने बताया कि ये पेड़ बीमारियों से बचाने वाली जड़ी-बूटियों का भी मुख्य स्रोत हैं।

चंदौली जिले के लिए तय हुआ बड़ा लक्ष्य
इस महाअभियान के तहत चंदौली जिले के लिए 70,24,210 पौधे लगाने का एक बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से 46,00,010 पौधे अकेले वन विभाग द्वारा लगाए जाएंगे, जबकि बाकी के 24,24,200 पौधे प्रशासन के अन्य विभागों द्वारा रोपे जाएंगे। इस दौरान विधायक कैलाश आचार्य और डीएम चन्द्र मोहन गर्ग ने भी अपने विचार रखे और कहा कि आने वाली पीढ़ी के सुरक्षित भविष्य के लिए हर विभाग और आम जनता को मिलकर इस पर्यावरण उत्सव को सफल बनाना होगा।