छात्रा अफराह अनवर बनीं एक दिन की थानाध्यक्ष, छात्राओं की समस्याएं सुनीं
​​​​​​​

कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष के वाहन में सवार होकर अफराह अनवर ने विद्यालय की छात्राओं के साथ पूरे कस्बे का भ्रमण किया।
 

इलिया थाना परिसर में आयोजित हुआ मिशन शक्ति कार्यक्रम

कक्षा 6 की अफराह ने थानाध्यक्ष की कुर्सी संभाली

छात्राओं की समस्याएं सुनकर समाधान का आश्वासन दिया

चंदौली जिला के इलिया थाना परिसर में मिशन शक्ति कार्यक्रम का आयोजन रविवार को किया गया।  जिसमें इलिया कस्बा स्थित संत कबीर एजुकेशनल एकेडमी की कक्षा 6 की छात्रा अफराह अनवर ने एक दिन के लिए इलिया थाने का कार्यभार संभाला। अफराह ने थानाध्यक्ष की कुर्सी पर बैठकर कॉलेज व विद्यालय की छात्राओं की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का आश्वासन दिया।

आपको बता दें कि कार्यक्रम के दौरान थानाध्यक्ष के वाहन में सवार होकर अफराह अनवर ने विद्यालय की छात्राओं के साथ पूरे कस्बे का भ्रमण किया। इस अनूठी पहल से छात्राओं में खासा उत्साह देखा गया। अफराह ने कहा कि मिशन शक्ति ने लड़कियों को आत्मविश्वास और जागरूकता का मंच प्रदान किया है, जिससे वे समाज में अपनी भूमिका को और मजबूत कर सकती हैं।

इस अवसर पर थाना परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। थानाध्यक्ष अरुण प्रताप सिंह ने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें उच्च शिक्षा ग्रहण कर भविष्य में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बालिकाओं को शिक्षा के साथ आत्मरक्षा और अधिकारों की जानकारी होना बेहद जरूरी है।

कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राएं सुनिधि जायसवाल, तान्या कुमारी, पलक कुमारी, निशि, श्वेता गुप्ता, सृष्टि केशरी, आलिया और प्रज्ञा कुमारी सहित कई छात्राएं मौजूद रहीं। वहीं विद्यालय के शिक्षक सुनील गुप्ता और पुलिस कर्मियों ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।