चकिया के मुड़हुवा दक्षिणी संकुल में संपन्न हुई बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता, बच्चों ने दिखाया शानदार प्रदर्शन

चंदौली के चकिया ब्लॉक के मुड़हुवा दक्षिणी संकुल में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता संपन्न। राजिक मंसूरी और नेहा कुमारी ने लंबी कूद में बाजी मारी। परिषदीय विद्यालयों के बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास पर जोर दिया गया।
 

मुड़हुवा दक्षिणी संकुल में बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन

बच्चों ने लंबी कूद और कबड्डी में दिखाया दम

परिषदीय विद्यालयों के बच्चों ने जीता 40वीं राज्य स्तरीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता का पदक

चंदौली जिले के चकिया विकासखंड अंतर्गत परिषदीय विद्यालयों की संकुल स्तरीय बाल क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन सोमवार को मुड़हुवा दक्षिणी संकुल में किया गया। बाबा जागेश्वरनाथ धाम के सर्वोदय विद्यालय के मैदान पर आयोजित इस कार्यक्रम में संकुल के सभी प्राथमिक, कंपोजिट एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

लंबी कूद और कबड्डी में छाए बच्चे

प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। उच्च प्राथमिक बालक वर्ग की लंबी कूद में दुबेपुर के राजिक मंसूरी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि बालिका वर्ग में पचफेड़िया की रानी ने बाजी मारी। प्राथमिक वर्ग की लंबी कूद में प्रभु नारायणपुर की नेहा कुमारी पहले स्थान पर रहीं, जिन्होंने 50 मीटर बालिका दौड़ में भी प्रथम स्थान हासिल किया। कबड्डी प्रतियोगिता में प्राथमिक वर्ग में मुड़हुवा दक्षिणी की टीम विजेता बनी, वहीं बालिका वर्ग कबड्डी में दुबेपुर माफी की छात्राओं ने जीत दर्ज की। शॉट पुट प्रतियोगिता में पचफेड़िया के शिवम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

शिक्षा के साथ खेल भी जरूरी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी रामटहल ने बच्चों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद में टैलेंटेड होना बहुत जरूरी है। शिक्षक संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता ने बच्चों को संबोधित करते हुए बेटियों को खेल के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर नाम कमाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का सफल संचालन नोडल शिक्षण संकुल सुनील पटेल ने किया।

इस अवसर पर अजय गुप्ता, अनिल यादव, राम आशीष राम, अवनीश सिंह, सुनील पटेल, सदानंद दुबे, सदानंद यादव, नर्वदेश्वर मिश्रा, अतुल श्रीवास्तव, सुधीर पटेल, ओम प्रकाश यादव, विनय पटेल, अरविंद यादव, आशा कुमारी, अजीत मौर्य, अजीत उपाध्याय, विनय गुप्ता, सतीश, संजय, शोभनाथ मौर्य, हरेंद्र सहित तमाम शिक्षक उपस्थित रहे।