इलिया थाना क्षेत्र के गोविंदीपुर गांव में मिट्टी की दीवार गिरने से वृद्ध की मौत
चंदौली जिले में बारिश का कहर जारी
इलिया थाना क्षेत्र के गोविंदीपुर गांव में वृद्ध की मौत
मिट्टी की दीवार गिरने से दब गए मुनीब यादव
चंदौली जिले के इलिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गोविंदीपुर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें मिट्टी की दीवार गिरने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार के दिन से क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी, जिसके कारण ऊंचे डीह (टीले) की मिट्टी धीरे-धीरे कटकर नीचे गिरने लगी थी। शनिवार की सुबह अचानक मिट्टी का एक बड़ा हिस्सा नीचे गिरा और पास में बने शेड की दीवार पर जा गिरा। भारी दबाव के चलते दीवार धराशायी हो गई और उसके मलबे में गांव के निवासी मुनीब यादव (60 वर्ष) दब गए।
ग्रामीणों ने आनन-फानन में मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। घटना की सूचना मिलते ही इलिया थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
वृद्ध की मौत की खबर फैलते ही पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बरसात के कारण गांव में कई जगहों पर मिट्टी की दीवारें कमजोर हो चुकी हैं और गिरने का खतरा बना हुआ है। लोगों ने प्रशासन से गांव के कमजोर मकानों का सर्वे करवा कर समय रहते जरूरी कदम उठाने की अपील की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है।