इलिया PHC पर न बिजली न इनवर्टर, CMO साहब मामले से हैं अंजान
स्वास्थ्य केंद्र में इनवर्टर की व्यवस्था तो है
लेकिन पिछले 4 महीना से बैटरी खराब होने की वजह से वह भी चालू नहीं है।
बत्ती गुल होने के कारण ओपीडी भी हो रही प्रभावित
इलिया कस्बे के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में 4 दिनों से अंधेरा
मरीज और कर्मचारी हो रहे परेशान
चंदौली जिला के शहाबगंज विकासखंड अंतर्गत इलिया कस्बा का नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में बीते चार दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। जिससे मरीजों और स्वास्थ्यकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अंधेरे में इलाज करना न केवल मरीजों की जान के लिए खतरा बन रहा है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाएं भी बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं।
बताते चलें कि बिजली गुल होने के कारण ओपीडी सेवाओं, ड्रेसिंग, इमरजेंसी उपचार और रात के समय डिलीवरी जैसे कार्यों में काफी मुश्किलें आ रही हैं। सबसे ज्यादा समस्या उन मरीजों को हो रही है, जिन्हें टांके लगाने, इंजेक्शन देने या ड्रेसिंग जैसी सेवाओं की आवश्यकता होती है। डॉक्टर और नर्स टॉर्च या मोबाइल की रोशनी में इलाज करने को मजबूर हैं।
स्वास्थ्य केंद्र में इनवर्टर की व्यवस्था तो है, लेकिन पिछले 4 महीना से बैटरी खराब होने की वजह से वह भी चालू नहीं है। कर्मचारियों का कहना है कि कई बार उच्चाधिकारियों को इसकी जानकारी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मरीजों के परिजनों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
इस संबंध में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. वाई के राय ने बताया कि मामला मेरे जानकारी में नहीं है। यदि केंद्र पर बिजली नहीं मिल रही है तो जल्द ही व्यवस्था कर बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। ताकि मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा न हो सके। इसकी जांच करवा कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।