चकिया में सपा की PDA जनपंचायत: पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा- 'आरक्षण खत्म करना चाहती है बीजेपी'
चकिया के सोनहुल में सपा की ओर से PDA जनपंचायत का आयोजन किया गया। पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने भाजपा पर आरक्षण खत्म करने का आरोप लगाते हुए विश्वकर्मा समाज से अपने अधिकारों के लिए एकजुट होने की अपील की।
सोनहुल में सपा की PDA जनपंचायत
पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा का बीजेपी पर हमला
आरक्षण को सामाजिक न्याय का अधिकार बताया
गाजीपुर के चर्चित निशा कांड का किया जिक्र
विश्वकर्मा समाज को एकजुट होने का आह्वान
चंदौली जिले के चकिया के सोनहुल स्थित एक लॉन में गुरुवार को समाजवादी पार्टी की ओर से PDA (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) जनपंचायत का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे विश्वकर्मा समाज के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने सामाजिक भागीदारी, आरक्षण और समाज के अधिकारों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला।
"आरक्षण खत्म करने की साजिश कर रही बीजेपी"
जनपंचायत को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री रामआसरे विश्वकर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आरक्षण व्यवस्था को धीरे-धीरे समाप्त करना चाहती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि आरक्षण केवल नौकरी पाने का जरिया भर नहीं है, बल्कि यह पिछड़े, दलित और वंचित समाज को सामाजिक न्याय व समान अवसर दिलाने का संवैधानिक अधिकार है। यदि आरक्षण कमजोर होता है, तो इसका सबसे बड़ा नुकसान समाज के वंचित वर्गों को झेलना पड़ेगा।
सपा सरकार में मिला विश्वकर्मा समाज को मान-सम्मान
पूर्व मंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान विश्वकर्मा समाज को पूरा मान-सम्मान और राजनीतिक भागीदारी मिली थी। सपा ने हमेशा समाज के लोगों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाया और उनके अधिकारों की लड़ाई लड़ी। उन्होंने विश्वकर्मा समाज के लोगों से आह्वान किया कि वे संगठित होकर अपने हक और अधिकार के लिए अपनी आवाज बुलंद करें।
गाजीपुर के निशा कांड का जिक्र
अपने संबोधन के दौरान पूर्व मंत्री ने गाजीपुर के चर्चित निशा कांड का भी प्रमुखता से जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पीड़ितों को समय पर न्याय दिलाना और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करना सरकार की पहली जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सपा की PDA की सोच ही यही है कि समाज के सभी वर्गों को न्याय, समान भागीदारी और सम्मान मिले।
जनपंचायत में जुटे कई दिग्गज नेता
जनपंचायत में वक्ताओं ने सामाजिक एकजुटता, शिक्षा, रोजगार, राजनीतिक भागीदारी और संविधान में मिले अधिकारों की रक्षा पर विशेष जोर दिया। सभा को पूर्व विधायक पूनम सोनकर, पूर्व विधायक जितेंद्र कुमार एडवोकेट, जिलाध्यक्ष सत्यनारायण राजभर, सुनील सिंह मुखिया, विवेक विश्वकर्मा, जमील अहमद, सुदामा यादव, प्रभु नारायण यादव, त्रिलोकी नाथ पासवान, डॉ. वीरेंद्र बिंद, अजय यादव, अश्वनी सोनकर, सुभाष विश्वकर्मा और जीउत विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन मुस्ताक अहमद ने किया।